बरेली

प्राचीन रामलीला मेले में हुआ रामजन्म और बाल लीलाओं का भव्य मंचन

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली / रिठौरा। कस्बे में चल रहे प्राचीन रामलीला मेले में रविवार को भगवान श्रीराम के जन्म, नामकरण संस्कार और मनमोहक बाल लीलाओं का भावपूर्ण मंचन किया गया। अयोध्याधाम से पधारे पंडित विपिन अवस्थी के नेतृत्व में आए कलाकारों ने अपनी सजीव प्रस्तुति से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। लीला मंचन की शुरुआत रावण के अत्याचारों और पृथ्वी पर बढ़ते अधर्म के प्रसंग से हुई, जिससे व्याकुल होकर देवतागण भगवान विष्णु की शरण में पहुंचते हैं। इसके पश्चात राजा दशरथ के पुत्रेष्टि यज्ञ और चैत्र शुक्ल नवमी को अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के प्राकट्य की लीला का मंचन किया गया। श्रीराम के जन्म लेते ही पंडाल “भए प्रकट कृपाला दीनदयाला” के जयकारों से गूंज उठा और चारों ओर खुशियां मनाई गईं। इसके बाद गुरु वशिष्ठ द्वारा चारों भाइयों के नामकरण संस्कार और प्रभु की नटखट बाल लीलाओं को देखकर दर्शक भाव-विभोर हो उठे। कार्यक्रम के दौरान मेला कमेटी के अध्यक्ष अमित कुमार गुप्ता, धनपाल सिंह, चेयरमैन शकुंतला देवी, सभासद नीरज कुमारी, समाजसेवी दिनेश भास्कर, पप्पू कश्यप, मनोज कश्यप, पूरनलाल, महेंद्र कुमार, बुद्धसेन, ग्रेसा देवी, बब्ली, सूखी और विरमा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर चौकी प्रभारी राजीव कुमार शर्मा, महिला हेड कांस्टेबल रूपदेई व रजनी पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहीं। लीला देखने के लिए नगर व आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button