बालाघाट
समान शिक्षा की अलख लेकर बालाघाट से निकली जनयात्रा
पूर्व आईएएस समान शेखर बोले—हर बच्चे को मिले आगे बढ़ने का समान अवसर

25 नवंबर को भोपाल में प्रस्तुत होगा जनसंवाद से तैयार समान शिक्षा जनसंकल्प, पांच राज्यों के शिक्षा प्रेरकों सहित बड़ी संख्या में नागरिक हुए शामिल
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट(म0प्र0) : प्रत्येक बच्चे को समान उच्च गुणवत्ता की शिक्षा, सुविधाएँ और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समान शिक्षा जनयात्रा का आज बालाघाट के उत्कृष्ट विद्यालय मैदान से शुभारंभ हुआ। शुभारंभ कार्यक्रम में नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षकों, युवाओं और विभिन्न राज्यों से आए समान शिक्षा प्रेरकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। जनयात्रा बालाघाट शहर के विभिन्न मार्गों से होकर वापस उत्कृष्ट विद्यालय मैदान पहुँची। इस दौरान प्रतिभागियों ने समान शिक्षा, समान अवसर और सामूहिक जिम्मेदारी के संदेश वाले नारे लगाए। शुभारंभ के बाद आयोजित जनसंवाद में नागरिकों ने ‘समान शिक्षा जनसंकल्प’ के लिए सुझाव दिए।
समान शिक्षा जन समिति के राष्ट्रीय संयोजक, प्रमुख पदयात्री, पूर्व आईएएस अधिकारी एवं समान शिक्षा प्रेरक समान शेखर ने अपने संबोधन में कहा कि किसी सभ्य समाज की पहचान इस बात से होती है कि वह पीछे छूट गए, वंचित और सुविधाओं से वंचित बच्चों को आगे बढ़ने के कितने समान अवसर उपलब्ध करा पाता है। उन्होंने कहा कि देश के प्रत्येक बच्चे की क्षमता का विकास ही वास्तव में देश की क्षमता का विकास है। समान शिक्षा जनप्रयास का लक्ष्य है कि हर बच्चे को अच्छी शिक्षा, आवश्यक सुविधाएँ और समान अवसर मिलें, ताकि वह अपनी पूरी क्षमता का विकास कर सके।
‘आशा और उज्ज्वल’ की कहानी से अवसरों की असमानता पर प्रकाश
श्री समान शेखर ने ‘आशा और उज्ज्वल’ की कहानी के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था में मौजूद अवसरों की असमानता को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि उज्ज्वल एक संपन्न परिवार से आता है, जहाँ उसे अच्छे निजी स्कूल, पुस्तकालय, प्रयोगशाला, पढ़ाई का अनुकूल वातावरण, अभिभावकों का मार्गदर्शन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग जैसी सुविधाएँ उपलब्ध हैं। दूसरी ओर आशा दूरस्थ गाँव में सीमित संसाधनों वाले परिवार में पैदा हुई है; उसके सरकारी स्कूल में शिक्षकों और बुनियादी सुविधाओं का अभाव है तथा घर में पढ़ाई का अनुकूल वातावरण और मार्गदर्शन भी उपलब्ध नहीं है। दोनों बच्चे डॉक्टर बनना चाहते हैं और एक ही नीट परीक्षा में शामिल होते हैं, लेकिन उनकी तैयारी के अवसरों में बड़ा अंतर है। श्री शेखर ने सवाल उठाया कि केवल परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर दोनों बच्चों की योग्यता का आकलन करना उचित है क्या? उन्होंने कहा कि अवसरों की असमानता को समझे बिना बच्चों की प्रतिभा और योग्यता का सही मूल्यांकन नहीं किया जा सकता। करोड़ों बच्चे आशा की तरह गाँवों, छोटे कस्बों और वंचित समुदायों में रहते हैं; उनमें प्रतिभा और आगे बढ़ने की आकांक्षा है, लेकिन आवश्यक सुविधाएँ और अवसर नहीं मिल पाते। समान शिक्षा का प्रयास इन्हीं बच्चों को बराबरी का अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में है।
सरकारी स्कूल केवल सरकार का नहीं, समुदाय का स्कूल है
समान शेखर ने कहा कि समान अवसर उपलब्ध कराने का सबसे प्रभावी और व्यावहारिक माध्यम स्कूल है। स्कूल ही वह स्थान है जहाँ आशा जैसे बच्चों को उज्ज्वल जैसे बच्चों के बराबर आगे बढ़ने का अवसर मिल सकता है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों की कमियों को गिनाने और सरकार, शिक्षकों या अभिभावकों को दोष देने से शिक्षा व्यवस्था में स्थायी सुधार नहीं आएगा। शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषय को विरोध और टकराव की भेंट नहीं चढ़ना चाहिए; इसके लिए सकारात्मक, रचनात्मक और निरंतर प्रयासों की आवश्यकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकारी स्कूल केवल सरकार का नहीं, बल्कि बच्चों, अभिभावकों, शिक्षकों और आसपास के समुदाय का स्कूल है। सरकार शिक्षा सेवाएँ उपलब्ध कराने वाला महत्वपूर्ण पक्ष है, लेकिन स्कूल के प्रति अपनत्व और उसकी बेहतरी की जिम्मेदारी समाज को भी लेनी होगी। शिक्षक, अभिभावक, समुदाय, प्रशासन और सरकार—सभी की अपनी-अपनी जिम्मेदारियाँ हैं; शुरुआत समाज और नागरिकों की अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करने से होनी चाहिए।
जनयात्रा की रूपरेखा और जनसंकल्प
कार्यक्रम में गुंजन ने समान शिक्षा जनयात्रा की रूपरेखा, जनसंवाद और ‘समान शिक्षा जनसंकल्प’ के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 15 से 25 नवंबर 2026 तक बालाघाट से भोपाल तक आयोजित इस यात्रा का उद्देश्य सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाने के लिए समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ना है। यात्रा सिवनी, छिंदवाड़ा, बैतूल और नर्मदापुरम सहित विभिन्न क्षेत्रों से गुजरेगी। विभिन्न कस्बों और शहरों में पैदल जनजागरण के साथ शाम 5 से 7 बजे तक जनसंवाद आयोजित किए जाएंगे। इनमें अभिभावकों, शिक्षकों, स्थानीय समुदाय, सामाजिक संगठनों तथा शासन-प्रशासन के प्रतिनिधियों के साथ सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाने, स्कूल विकास योजना, शिक्षक-अभिभावक-समुदाय की भूमिका और शासन-प्रशासन की जिम्मेदारियों पर स्वस्थ एवं रचनात्मक संवाद होगा। इन संवादों से प्राप्त सुझावों को संकलित कर ‘समान शिक्षा जनसंकल्प’ तैयार किया जाएगा, जिसे 25 नवंबर 2026 को भोपाल में प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह यात्रा विरोध प्रदर्शन या केवल मांगों को लेकर निकाली गई रैली नहीं है, बल्कि समाज को शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए सक्रिय भागीदार बनाने का जनप्रयास है।
स्कूल विकास योजना के माध्यम से ठोस प्रयास
अनिल सौहार्द्र ने बताया कि समान शिक्षा जनप्रयास के अंतर्गत पिछले दो वर्षों से चार-पाँच राज्यों में विभिन्न स्कूलों के साथ मिलकर काम किया जा रहा है। इस पहल में प्रत्येक समान शिक्षा प्रेरक अपने आसपास के सरकारी स्कूलों से जुड़कर शिक्षकों, अभिभावकों, समुदाय और विद्यालय प्रबंधन समिति के साथ संवाद स्थापित कर सकता है। स्कूल की आवश्यकताओं और समस्याओं को समझकर स्कूल विकास योजना तैयार करने में सहयोग दिया जाएगा। स्थानीय स्तर पर हल की जा सकने वाली समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास होंगे, जबकि जिला और राज्य स्तर पर आवश्यक सुविधाओं एवं सुधारों के लिए संबंधित अधिकारियों तक आवेदन और प्रस्ताव पहुँचाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस काम में किसी को दोषी ठहराने के बजाय सहयोग और समाधान का दृष्टिकोण अपनाना आवश्यक है।
विभिन्न राज्यों के प्रेरकों ने साझा किए विचार
शुभारंभ कार्यक्रम में महाराष्ट्र, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ से आए समान शिक्षा प्रेरकों ने अपनी बात रखी। पुष्पा पाटिल (महाराष्ट्र), राजू आरामुगम (तमिलनाडु), श्रीनिवास मातुरी (आंध्र प्रदेश), कुमार दोसला (तेलंगाना) और डॉ. स्नेहलता हूमने (छत्तीसगढ़) ने अपनी-अपनी क्षेत्रीय भाषाओं में संबोधन देते हुए समान शिक्षा के विचार को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर अपने विचार साझा किए।
जनयात्रा में सहभागी बनने की अपील
प्रशांत तांबे ने उपस्थित नागरिकों और विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिभागियों से समान शिक्षा जनयात्रा में सक्रिय रूप से जुड़ने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह प्रयास केवल यात्रा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से समाज में समान शिक्षा के विचार को व्यापक बनाने और स्थानीय स्तर पर निरंतर काम करने का अवसर मिलेगा।
पदयात्रा में गूँजे समान शिक्षा के नारे
जनयात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने सामूहिक जिम्मेदारी और समान अवसर का संदेश देते हुए कई नारे लगाए—
“समान शिक्षा दिलाएँगे — अपना फर्ज निभाएँगे।”
“जिम्मेदारी किसकी है — मेरी, तुम्हारी, सबकी है।”
“हर बच्ची को समान शिक्षा — हर बच्ची को समान अवसर — हर बच्ची का भविष्य उज्ज्वल।”
“हर बच्चे को मौका मिलेगा — देश हमारा आगे बढ़ेगा।”
“दोष नहीं देना है — जिम्मेदारी निभाना है।”
“विरोध नहीं करना है — मिलकर सुधार लाना है।”
आयोजन समिति ने नागरिकों, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों, शिक्षकों, अभिभावकों, युवाओं और जनप्रतिनिधियों से इस जनप्रयास में सहभागी बनने की अपील की है।
समान शिक्षा जन समिति
वेबसाइट: www.equaleducation.in
संपर्क: 9755 012 010 | 9209 489 965




