ललितपुर
नवमी पर माता मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
विधि-विधान से हुई मां सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना

कन्या पूजन कर कराया गया कन्या भोज
चुनरी ओढ़ाकर तिलक लगाया और दक्षिणा-उपहार भेंट कर लिया आशीर्वाद
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। शारदीय नवरात्रि की नवमी के पावन अवसर पर सोमवार को जनपद के विभिन्न माता मंदिरों में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं केपहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो दिनभर जारी रहा। भक्तों ने मां दुर्गा के नवम स्वरूप मां सिद्धिदात्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और आरोग्य की कामना की। मंदिरों में माता रानी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। नवमी के अवसर पर श्रद्धालुओं ने माता रानी को चुनरी, नारियल, फल-फूल एवं प्रसाद अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। कई श्रद्धालुओं ने घरों में भी विधि-विधान से हवन-पूजन कर नवरात्रि व्रत का पारायण किया। मंदिर परिसरों में पूजा-अर्चना के साथ आरती और प्रसाद वितरण के आयोजन भी किए गए। नवमी पर कन्या पूजन और कन्या भोज का विशेष महत्व रहा। श्रद्धालुओं ने छोटी-छोटी कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर उनके चरण धोए और विधि-विधान से पूजन किया। कन्याओं को तिलक लगाकर चुनरी ओढ़ाई गई तथा श्रद्धापूर्वक भोजन कराया गया। इसके बाद उन्हें दक्षिणा और उपहार भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया गया। कन्या भोज के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, शारदीय नवरात्रि की नवमी पर मां सिद्धिदात्री की आराधना करने और कन्या पूजन करने का विशेष महत्व है। इसी मान्यता के चलते श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धाभाव से पूजा-अर्चना की। जनपद के विभिन्न माता मंदिरों में भजन-कीर्तन, आरती और प्रसाद वितरण के कार्यक्रम आयोजित किए गए। नवरात्रि के अंतिम दिन मंदिरों में श्रद्धालुओं की चहल-पहल बनी रही। चारों ओर माता रानी के जयकारे गूंजते रहे और भक्त मां दुर्गा की भक्ति में लीन नजर आए।



