गोड्डा

छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर उपायुक्त लोकेश मिश्रा एवं एसपी ने विभिन्न छठ घाटों का किया संयुक्त निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गोड्डा। आगामी छठ महापर्व के मद्देनजर श्रद्धालुओं एवं छठ व्रतियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार के द्वारा संयुक्त रूप से शहरी क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों एवं तालाबों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने मुलर्स टैंक, शिवगंगा तालाब, राजकचहरी तालाब, कझिया पुल एवं कर्पूरी तालाब सहित विभिन्न छठ घाटों का भ्रमण कर वहां की वर्तमान स्थिति एवं पर्व को लेकर की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान घाटों की साफ-सफाई, जलाशयों की स्थिति, पहुंच पथ, प्रकाश व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आवागमन, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित विभिन्न पहलुओं का निरीक्षण किया गया। उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ महापर्व की महत्ता एवं श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में सहभागिता को देखते हुए सभी घाटों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित तरीके से सुनिश्चित की जाएं। घाटों एवं उनके आसपास के क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाते हुए कचरे का समुचित निष्पादन किया जाए। श्रद्धालुओं के आवागमन वाले रास्तों को सुगम बनाया जाए तथा घाटों तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने, आवश्यकता के अनुसार बैरिकेडिंग कराने तथा जलाशयों के आसपास सुरक्षा के दृष्टिकोण से विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। साथ ही संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक तैयारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने पर बल दिया गया, ताकि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। पुलिस अधीक्षक, मुकेश कुमार ने सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के दृष्टिकोण से विभिन्न घाटों का निरीक्षण करते हुए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण, सुचारू यातायात व्यवस्था एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका को रोकने के लिए सतर्कता एवं तत्परता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन द्वारा इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि छठ महापर्व के दौरान घाटों पर आने वाले बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों एवं अन्य श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। घाटों पर आवागमन के लिए आवश्यक प्रबंध किए जाएं तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी तैयारियों की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया गया। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी वैद्यनाथ उरांव, नगर थाना प्रभारी शिवदयाल सिंह, नगर परिषद पदाधिकारी अरविंद कुमार, सफाई मैनेजर सुमन कुमार आदि उपस्थित थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button