गोरखपुर

कार की टक्कर से वृद्ध घायल, आरोपी पर मुकदमा दर्ज

शराब के नशे में गाड़ी चलाने का आरोप                                  

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गोरखपुर : कार की टक्कर से वृद्ध के घायल होने और बाद में परिवार को परेशान करने के मामले में बड़हलगंज पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता का आरोप है कि दुर्घटना के समय आरोपी शराब के नशे में था। थाने में दो बार शिकायत करने के बावजूद सुनवाई नहीं होने पर उसने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई थी।
बड़हलगंज कस्बे के चौबोली निवासी शिखा कुमारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 26 अक्टूबर को भीटी बाल गांव निवासी मोनू मणि त्रिपाठी ने उनके बाबा को कार से टक्कर मार दी। दुर्घटना के समय आरोपी शराब के नशे में था। हादसे में उनके बाबा के हाथ-पैर में चोटें आईं। उनके इलाज और दवाइयों का खर्च उठाना गरीब परिवार के लिए मुश्किल हो रहा है।
शिखा का आरोप है कि उक्त व्यक्ति पहले भी दो बार उनके घर में घुसकर परिवार की महिलाओं के साथ बदतमीजी करने की कोशिश कर चुका है। इससे परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जी रहा है। घटना के संबंध में परिवार के लोग दो बार बड़हलगंज थाने में शिकायत करने गए, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। आरोप है कि उन्हें यह कहकर वापस कर दिया गया कि दुर्घटना के दिन ही शिकायत क्यों नहीं की गई।
पीड़िता ने यह भी आशंका जताई कि आरोपी के पिता पुलिस विभाग में कार्यरत हैं, जिसके कारण उनकी शिकायत पर उचित कार्रवाई नहीं हो पा रही है। उन्होंने एसएसपी से दुर्घटना की निष्पक्ष जांच, बाबा के इलाज और दवाइयों के खर्च के लिए उचित सहायता एवं मुआवजे की व्यवस्था, आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की।
एसएसपी के आदेश पर बड़हलगंज पुलिस ने आरोपी मोनू मणि त्रिपाठी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(ए) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button