कानपुर

नौबस्ता चौराहे पर रॉन्ग साइड से आ रही मारुति डिजायर ने एक्सयूवी में मारी जोरदार टक्कर

ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी के बावजूद रॉन्ग साइड से दौड़ रहे वाहन 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कानपुर : नौबस्ता चौराहे से बारादेवी रोड पर शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार में आ रही मारुति डिजायर कार ने सही दिशा से आ रही महिंद्रा एक्सयूवी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों वाहनों के अगले हिस्से और बोनट क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि दोनों गाड़ियों में सवार किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई।
जानकारी के अनुसार, महिंद्रा एक्सयूवी (UP-78 GA-8388) बारादेवी की ओर से नौबस्ता की तरफ सही दिशा में जा रही थी। इसी दौरान नौबस्ता चौराहे की ओर से बारादेवी जाने वाले मार्ग पर मारुति डिजायर (UP-25 DQ-9295) रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार में आ रही थी। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने रॉन्ग साइड से तेज गति में वाहन चलाने वाले चालक को जमकर समझाया। लोगों का कहना था कि यदि इसी दौरान कोई राहगीर या दोपहिया वाहन सामने आ जाता तो यह हादसा किसी बड़ी दुर्घटना में बदल सकता था। रॉन्ग साइड में तेज रफ्तार से वाहन चलाना न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे दूसरे वाहन चालकों और राहगीरों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। मौके पर पहुंची ट्रैफिक पुलिस ने दोनों वाहन चालकों के बीच आपसी समझौता कराया, जिसके बाद दोनों पक्ष वहां से चले गए। स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया कि नौबस्ता चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी के बावजूद आखिर रॉन्ग साइड से वाहन चौराहे पर कैसे पहुंच रहे हैं? लोगों ने यातायात पुलिस से रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और चौराहे पर यातायात व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की मांग की है। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई और न ही कोई राहगीर या दोपहिया वाहन इसकी चपेट में आया। अन्यथा लापरवाही का यह मामला किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता था।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button