बालाघाट

सरकारी स्कूलों में समान शिक्षा और सुविधाओं की मांग

15 नवंबर से बालाघाट में जनयात्रा का आगाज

25 नवंबर को भोपाल में होगा समापन, पूर्व आईएएस समान शेखर  ने पत्रकारवार्ता में रखी अभियान की रूपरेखा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट। प्रदेश के शासकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को समान गुणवत्ता की शिक्षा, बेहतर सुविधाएं और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समान शिक्षा जन समिति द्वारा 15 से 25 नवंबर तक प्रदेशव्यापी समान शिक्षा जनयात्रा निकाली जाएगी। यात्रा का शुभारंभ 15 नवंबर को बालाघाट से होगा, जबकि 25 नवंबर को भोपाल पहुंचकर इसका समापन होगा।
इस संबंध में 13 नवंबर को आयोजित पत्रकारवार्ता में पूर्व आईएएस अधिकारी एवं समिति के पदाधिकारी समाज शेखर बोरकर ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकारी और निजी स्कूलों के बीच शिक्षा की गुणवत्ता, संसाधनों तथा अवसरों में दिखाई देने वाली असमानता को दूर करने के लिए जनजागरूकता पैदा करना है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी व्यक्ति के जीवन और उसकी क्षमताओं के विकास का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। वर्तमान में शासकीय और निजी विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता, सुविधाओं एवं अवसरों के बीच अंतर दिखाई देता है। इसका सीधा असर सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के भविष्य और उनकी प्रतिभा के विकास पर पड़ता है। प्रत्येक बच्चे को उसकी सामाजिक एवं आर्थिक पृष्ठभूमि से परे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने का समान अवसर मिलना चाहिए।
शेखर ने कहा कि भारतीय संविधान समानता का अधिकार प्रदान करता है। ऐसे में शिक्षा के क्षेत्र में भी समानता स्थापित करना आवश्यक है। जिन बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और पर्याप्त अवसर नहीं मिलते, उनकी क्षमताएं पूरी तरह विकसित नहीं हो पातीं। इसका प्रभाव केवल संबंधित बच्चे और उसके परिवार तक सीमित नहीं रहता, बल्कि देश के समग्र विकास पर भी पड़ता है। उन्होंने कहा कि बच्चों की क्षमता का विकास ही राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव है।
उन्होंने बताया कि समिति पिछले दो वर्षों से इस दिशा में लगातार काम कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों के शासकीय स्कूलों का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है। साथ ही अभिभावकों और शिक्षकों से संवाद कर शिक्षा से जुड़ी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को समझने का प्रयास किया जा रहा है।
शेखर के अनुसार, शिक्षा व्यवस्था में वास्तविक सुधार के लिए किसी एक पक्ष को जिम्मेदार ठहराने के बजाय समुदाय, शिक्षक, अभिभावक और प्रशासन को मिलकर प्रयास करना होगा। इसी उद्देश्य से समिति स्थानीय समुदाय को जोड़ने, शिक्षकों के साथ संवाद स्थापित करने, अभिभावकों की भागीदारी बढ़ाने और संबंधित अधिकारियों के समक्ष शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि बालाघाट से प्रारंभ होने वाली जनयात्रा बरघाट, सिवनी, चौरई, छिंदवाड़ा, मुलताई, बैतूल, शाहपुर और नर्मदापुरम होते हुए 25 नवंबर को भोपाल पहुंचेगी। यात्रा के माध्यम से समान शिक्षा की आवश्यकता और शासकीय विद्यालयों की बेहतरी के मुद्दे को जनचर्चा का विषय बनाया जाएगा।
पत्रकारवार्ता के दौरान समान शिक्षा जन समिति के पदाधिकारी हेमंत, राखी सैय्याम, आरा, गुंजन सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button