बरेली

मुलायम सिंह यादव स्मृति पीडीए पदयात्रा 22 नवंबर से शुरू होगी : सपा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। समाजवादी पार्टी द्वारा श्रद्धेय मुलायम सिंह यादव स्मृति पीडीए जनचेतना पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह पदयात्रा 124 शहर एवं 125 कैंट विधानसभा क्षेत्र में निकाली जाएगी। यह जानकारी मंगलवार को समाजवादी पार्टी कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी के पदाधिकारियों ने दी। नेताओं के अनुसार यह पदयात्रा 22 नवंबर से शुरू होकर 22 दिसंबर तक चलेगी।
प्रेस वार्ता में सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने कहा कि पिछले चुनावों में समाजवादी पार्टी के प्रदर्शन से सत्तापक्ष चिंतित है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया में अनियमितताएं हुईं। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश में राजनीतिक बदलाव होगा। महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने कहा कि प्रदेश में अपराध, पेपर लीक, महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से काम करना चाहिए।  पूर्व मंत्री भगवत शरण गंगवार ने कहा कि किसान, खाद की उपलब्धता, चीनी मिलों के संचालन, फसल नुकसान के मुआवजे, महंगाई और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर जनता को राहत मिलनी चाहिए। उन्होंने आरक्षण सहित अन्य मुद्दों पर भी अपनी बात रखी।
पार्टी पदाधिकारियों ने सभी कार्यकर्ताओं से पदयात्रा को सफल बनाने की अपील की। प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, विधायक अताउर रहमान, विधायक शहजील इस्लाम, पूर्व सांसद धर्मेन्द्र कश्यप, पूर्व मंत्री भगवत शरण गंगवार, पूर्व विधायक सुल्तान बेग, पूर्व विधायक महिपाल सिंह यादव, पूर्व विधायक विजयपाल सिंह, पूर्व सांसद प्रवीण सिंह ऐरन, पूनम सेन, जिला कोषाध्यक्ष अशोक यादव, महासचिव दीपक शर्मा समेत अन्य नेतागण व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button