बरेली

डीआईजी व मंडलायुक्त ने मेला ककोड़ा (मिनी कुंभ) का किया संयुक्त निरीक्षण

सुरक्षा व सुविधाओं के दिए निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली / बदायूं। पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली परिक्षेत्र मुनिराज ने मंडलायुक्त बरेली मंडल शंभु कुमार, जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के साथ रुहेलखंड के प्रसिद्ध मेला ककोड़ा (मिनी कुंभ) का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मेला परिसर, गंगा घाटों, आवागमन मार्गों, पार्किंग स्थलों सहित सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी मुनिराज ने मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता, सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन से निरंतर निगरानी, नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखने तथा प्रभावी भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही गंगा घाटों पर गोताखोरों की तैनाती, पर्याप्त बैरिकेडिंग, अग्निशमन एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं को सुदृढ़ रखने तथा श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन हेतु यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त मेला परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं संपर्क मार्गों की व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण करने तथा सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
डीआईजी ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए मेले का शांतिपूर्ण एवं सकुशल आयोजन सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मानवेन्द्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी सदर साईं अश्रित शाखमुरी, क्षेत्राधिकारी उझानी राहुल पाण्डेय, मेला प्रभारी, संबंधित थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button