गोड्डा
महागामा के शिक्षक रीतेश रंजन को जिला प्रशासन ने किया सम्मानित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
महागामा। महागामा प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय चिल्हा के सहायक शिक्षक रीतेश रंजन को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान एवं शैक्षिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित किया गया। तिलका मांझी कृषि महाविद्यालय, गोड्डा में आयोजित ‘संपूर्ण शिक्षा कवच’ करियर काउंसलिंग एवं सम्मान समारोह में उप विकास आयुक्त विस्पुते श्रीकांत यशवंत ने उन्हें सम्मान प्रदान किया। शिक्षक रीतेश रंजन को मिला यह सम्मान उनके शैक्षणिक समर्पण, नवाचार, विद्यार्थियों के प्रति जिम्मेदारी और शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे सकारात्मक प्रयासों की पहचान के रूप में देखा जा रहा है। इस उपलब्धि से महागामा के शैक्षणिक जगत में भी खुशी का माहौल है। एक सरकारी विद्यालय में कार्यरत शिक्षक के रूप में उनकी इस उपलब्धि ने क्षेत्र के अन्य शिक्षकों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा दी है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त विस्पुते श्रीकांत यशवंत ने कहा कि किसी भी समाज और राष्ट्र के विकास की मजबूत नींव शिक्षा पर टिकी होती है। इस नींव को मजबूत बनाने में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।


