ललितपुर
पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की प्रतिमा स्थापित करने की मांग, डीएम को सौंपा ज्ञापन
सदनशाह, कचहरी या ईलाइट चौराहे पर प्रतिमा लगाने और रेलवे स्टेशन से शहर तक के मुख्य मार्ग का नामकरण करने की मांग

31 मार्च से पहले घोषणा कराने का अनुरोध
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। जनपद के निर्माता एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. हेमवती नंदन बहुगुणा की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से शहर में उनकी प्रतिमा स्थापित करने और प्रमुख मार्ग का नामकरण उनके नाम पर किए जाने की मांग उठाई गई है। इस संबंध में आसरा सोशल डेवलपमेंट फाउंडेशन के बैनर तले संस्था के अध्यक्ष एवं प्रबंधक तथा वरिष्ठ पत्रकार सुनील शर्मा के नेतृत्व में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन की प्रतिलिपि मंत्री हरिश्चंद्र रावत को भी प्रेषित की गई है। ज्ञापन में कहा गया कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व. हेमवती नंदन बहुगुणा ने ललितपुर को जनपद का दर्जा दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनकी स्मृति में प्रतिवर्ष 31 मार्च को जनपद का स्थापना दिवस मनाया जाता है। ऐसे में जनपद के निर्माण में उनके योगदान और ऐतिहासिक भूमिका को देखते हुए उनकी स्मृति में शहर में भव्य प्रतिमा स्थापित की जानी चाहिए, ताकि आने वाली पीढय़िां भी उनके योगदान को याद रख सकें। संस्था ने मांग की है कि शहर के प्रमुख स्थानों में सदनशाह चौराहा, कचहरी चौराहा अथवा ईलाइट चौराहे पर पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की प्रतिमा स्थापित कराई जाए। इसके साथ ही रेलवे स्टेशन से शहर की ओर आने वाले मुख्य मार्ग का नामकरण भी उनके नाम पर किया जाए। संस्था का कहना है कि यह कदम जनपद की ओर से उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का एक सार्थक प्रयास होगा। ज्ञापन के माध्यम से जिलाधिकारी से अनुरोध किया गया है कि आगामी 31 मार्च को मनाए जाने वाले जनपद स्थापना दिवस से पूर्व प्रतिमा स्थापना एवं मार्ग के नामकरण के संबंध में आधिकारिक घोषणा की जाए, जिससे स्थापना दिवस को इस ऐतिहासिक पहल के साथ यादगार बनाया जा सके। इस मांग पत्र पर संस्था के पदाधिकारियों के साथ शहर के गणमान्य नागरिकों, अधिवक्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने भी हस्ताक्षर कर अपना समर्थन व्यक्त किया। हस्ताक्षर करने वालों में सुनील शर्मा, सुशील गुप्ता, अमित राठौर, चैतन्य कश्यप, सिद्धार्थ शर्मा, राकेश जैन, शैलेंद्र सिन्हा, सुरेंद्र राय, चरन सिंह (रामनगर), रवि चौबे (पूर्व जिलाध्यक्ष युवा मोर्चा), संतोष कुमार (अधिवक्ता एवं जिला बार एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष तथा वैधवाट संघ अध्यक्ष), गोविंद नारायण तिवारी, पद्मश्री जैन/पद्मशंकर पांडेय, वेदप्रकाश लिटोरिया, अभयराज सिंह (पूर्व प्रधान, खरैला), लाल सिंह यादव (बिरारी) तथा विजय बहादुर/विजय शंकर तिवारी सहित अन्य लोग शामिल रहे।



