गाजियाबाद

रात के अंधेरे में लाठी डंडे लेकर घूम रहे युवकों का वीडियो वायरल

दहशत में कालोनी के नागरिक 

 चमन विहार और शंकर विहार की गलियों में युवकों के घूमने से सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
 पुलिस ने वीडियो के आधार पर शुरू की जांच, युवकों की पहचान के प्रयास तेज

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

लोनी (गाजियाबाद)। अंकुर विहार थाना क्षेत्र के चमन विहार और शंकर विहार में रात के अंधेरे में लाठी-डंडे लेकर घूमते युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से इलाके में हड़कंप मच गया है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है। नागरिकों ने पुलिस से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और ऐसे अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से युवकों का एक समूह देर रात हाथों में लाठी-डंडे लेकर गलियों में घूमता दिखाई दे रहा है। आरोप है कि रास्ते में मिलने वाले लोगों और राहगीरों को डराया-धमकाया जाता है। इस तरह की गतिविधियों से क्षेत्रवासियों में चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि रात के समय घर से बाहर निकलने में भी असुरक्षा महसूस होने लगी है।

बताया जा रहा है कि किसी स्थानीय निवासी ने युवकों के इस समूह का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया। वीडियो में कई युवक हाथों में लाठी-डंडे लेकर गलियों में घूमते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र की कानून व्यवस्था और पुलिस गश्त को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

मामले का संज्ञान लेते हुए अंकुर विहार थाना पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार वीडियो के आधार पर घटनास्थल की सटीक जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही फुटेज में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई गई है और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button