
लखनऊ । यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए कांग्रेस ने 181 सीटों पर चुनाव लड़ने का प्रस्ताव रखा है, जबकि सपा ने कांग्रेस को 26 सीटों की सूची सौंपी है। सीटों के बड़े अंतर के बीच मंगलवार को नई दिल्ली में दोनों दलों की बैठक हो रही है। अब देखना है कि गठबंधन के लिए कोई बीच का रास्ता निकलता है या नहीं।
यूपी चुनाव 2027 के लिए कांग्रेस ने अपनी पहली सूची में सपा से 181 सीटों की बड़ी मांग रखी। वहीं सपा ने अपना आॅफर न्यूनतम रखते हुए कांग्रेस को 26 सीटों की सूची दी है, जिनमें उसे चुनाव लड़ने का प्रस्ताव दिया है। इस मुद्दे पर मंगलवार को नई दिल्ली में दोनों दलों बैठक हो रही है।
सूत्रों के मुताबिक, समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को जिन 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है, उनमें दो सीटें ऐसी हैं, जहां कांग्रेस ने 2022 में जीत दर्ज की थी। इनमें रामपुर खास और फरेंदा विधानसभा सीट शामिल हैं। इसके अलावा चार सीटें ऐसी हैं, जहां पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस दूसरे नंबर पर रही थी। इनमें मथुरा, खेरागढ़, जगदीशपुर और किदवई नगर विधानसभा सीट शामिल हैं।
इन छह सीटों के अलावा सपा ने कांग्रेस को 20 अन्य विधानसभा सीटें भी प्रस्तावित की हैं। इनमें बागपत, मोदीनगर, हापुड़, जेवर, स्याना, खुर्जा, खैर, इगलास, मांट, आगरा उत्तर, फतेहपुर सीकरी, बिलग्राम-मल्लावां, गोविंद नगर, नानपारा, गोरखपुर शहर, खजनी, पडरौना, फाजिलनगर, पिंडरा और वाराणसी कैंट शामिल हैं।
बताते चलें कि इंडिया गठबंधन के तहत सोमवार को कांग्रेस और सपा की संयुक्त बैठक में कांग्रेस ने अपनी सूची में कुछ सीटें कम करते हुए 130 सीटों का प्रस्ताव दिया था।



