शहर में अतिक्रमण करने वालों की खैर नहीं
तुवन चौराहा के पास आरके फोटो स्टूडियो ने किया सरकारी जमीन फुटपाथ पर कब्जा

दुकान के आगे सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा हटवाया
जिलाधिकारी के आदेश पर एसडीएम सदर व ईओ ने की त्वरित कार्यवाही
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। शहर के मुख्य तुवन चौराहा से डीएम आवास और कलेक्ट्रेट जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित आर.के. फोटो स्टूडियो की दुकान के संचालक ने जबरन अवैध तरीके से फुटपाथ और सरकारी जमीन पर कब्जा जमा लिया था। इस जमीन पर पक्का निर्माण और विभिन्न प्रकरण की लाइटें लगवाते हुये कब्जा जमाने का प्रयास किया गया था। इस मामले की शिकायत गुरूवार को जिलाधिकारी के समक्ष पत्रकारों के द्वारा की गयी। प्रकरण में डीएम ने सरकारी जमीन और फुटपाथ पर अवैध कब्जे को हटवाने के लिए त्वरित कार्यवाही की। उन्होंने उप जिलाधिकारी सदर मदन मोहन गुप्ता एवं ईओ नगर पालिका दिनेश कुमार विश्वकर्मा को संयुक्त रूप से निर्देशित करते हुये तत्काल मौके पर पहुंच कर अवैध कब्जा हटवाने, पक्का निर्माण तोड़ते हुये सरकारी जमीन व फुटपाथ से अवैध कब्जा हटाने के आदेश जारी किये। आदेश मिलते ही उप जिलाधिकारी सदर मदन मोहन गुप्ता एवं ईओ नगर पालिका दिनेश कुमार विश्वकर्मा दलबल के साथ मौके पर जा पहुंचे। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने देखा कि फुटपाथ से लगी सरकारी जमीन पर अवैध तरीके से पक्का निर्माण करते हुये सीमेंट लगाकर पत्थर लगाये जा रहे हैं। यह देखकर अधिकारियों ने डीएम के आदेश पर अमल करते हुये तत्काल दुकान के बाहर लगे सामान जो कि कब्जा किये हुये थे, को हटा दिया। इसके अलावा सीमेंट से पत्थर को लगा रहे कार्य को भी रोक दिया गया। कार्यवाही होते देख दुकानदार ने अधिकारियों से लिखित में दो घण्टे का समय भी मांगा, जिस पर अधिकारियों ने समय देते हुये दो घण्टे बाद फिर से जांच करने के निर्देश दिये। फिलहाल मौके से अवैध अतिक्रमण हटा दिया गया, तो वहीं कई लोगों को दुकानदार के समर्थन में अधिकारियों से वार्ता करते हुये शहर भर में अतिक्रमण होने की बात कही, जिस पर अधिकारियों ने धीमी प्रतिक्रिया भी दी।



