ललितपुर

विधायक ने पिपरा में बाबा साहब की प्रतिमा व स्थल विकास कार्य का किया शिलान्यास

सम्राट अशोक महान प्रवेश द्वार का किया उद्घाटन

तालबेहट में जनचौपाल लगाकर सुनीं जनसमस्याएं
लाभार्थियों को बांटे स्वीकृति पत्र
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। सदर विधायक रामरतन कुशवाहा एड. ने गुरुवार को विकासखंड जखौरा के ग्राम पिपरा में आयोजित कार्यक्रम में बाबा साहब डा.भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा एवं स्थल विकास कार्य का विधिवत शिलान्यास और भूमिपूजन किया। यह कार्य डा.बीआर अंबेडकर मूर्ति विकास योजना के अंतर्गत कराया जाएगा। इस दौरान उन्होंने सम्राट अशोक महान प्रवेश द्वार का फीता काटकर उद्घाटन भी किया। विधायक ने कहा कि बाबा साहब डा.भीमराव अंबेडकर के विचार सामाजिक समानता, न्याय और सामाजिक समरसता का संदेश देते हैं। उनके आदर्श सदैव समाज के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे। सभी का दायित्व है कि उनके विचारों को आत्मसात करते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान और उत्थान के लिए निरंतर प्रयास करें। उन्होंने कहा कि ग्राम पिपरा में बाबा साहब की प्रतिमा एवं स्थल का विकास तथा सम्राट अशोक महान प्रवेश द्वार का निर्माण गांव की सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान को और मजबूत करेगा। इसके बाद विधायक ने विकासखंड तालबेहट के सभागार में आयोजित जनचौपाल में पहुंचकर नागरिकों की समस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं का प्राथमिकता और समयबद्ध तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि जनचौपाल का उद्देश्य जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनना और उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। जनहित से जुड़े मामलों में अधिकारी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करें, जिससे पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। जनचौपाल के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। साथ ही मातृशक्ति को सम्मानित किया गया। इस मौके पर महिलाओं के सम्मान और शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में बलराम लोधी, महेंद्र झा, अनुपम, बुद्धसिंह बुंदेला, बाबूलाल, विजय सिंह, पुनीत सिंह, नीरज पटेरिया सहित खंड विकास अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, अधिशासी अभियंता आरईएस, एसडीएम तालबेहट, क्षेत्राधिकारी तालबेहट, एसडीओ विद्युत एवं एबीएसए तालबेहट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button