ललितपुर

जिला पंचायत की भूमि और खेत के रास्ते पर कब्जे का आरोप, विधवा ने डीएम से मांगा न्याय

स्वीकृत रास्ता बंद करने और विरोध पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप

संयुक्त टीम से अतिक्रमण हटवाने की मांग
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। शहर के मोहल्ला चौबयाना/रावतयाना निवासी एक विधवा महिला ने जिला पंचायत की सरकारी भूमि और स्वीकृत रास्ते पर कथित अवैध कब्जा किए जाने का आरोप लगाया है। महिला ने विरोध करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दिए जाने की शिकायत भी की है। इस संबंध में महिला ने 25 नवंबर को जिलाधिकारी को शिकायती प्रार्थना पत्र सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने की मांग की है। शिकायतकर्ता समीना बानो पत्नी स्व.अफसार खां के अनुसार, उनकी कृषि भूमि आराजी संख्या 322 पर खेती होती है। खेत तक पहुंचने के लिए जिला पंचायत की स्वीकृति से आराजी संख्या 323 मि. पर रास्ता तैयार कराया जा रहा है। आरोप है कि आराजी संख्या 321 और 319 से जुड़े कुछ लोगों ने जिला पंचायत की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर पक्का निर्माण शुरू कर दिया है। पीडि़ता का कहना है कि अतिक्रमण हटवाने के संबंध में अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत की ओर से 4 नवंबर और 18 नवंबर को कोतवाली सदर पुलिस को पत्र एवं आदेश भेजे गए थे, लेकिन इसके बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। आरोप है कि 24 नवंबर की सुबह संबंधित लोगों ने उनके खेत पर जाने वाले स्वीकृत रास्ते को अवरुद्ध कर दिया। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उनके साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। इससे उनका परिवार भयभीत है और खेत तक पहुंचने में परेशानी हो रही है। पीडि़ता ने जिलाधिकारी से राजस्व विभाग, जिला पंचायत और पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर सरकारी भूमि की पैमाइश कराने तथा अवैध अतिक्रमण हटवाने की मांग की है। साथ ही आराजी संख्या 322 स्थित अपनी कृषि भूमि तक जाने वाले स्वीकृत रास्ते से अवरोध तत्काल हटवाने की गुहार लगाई है। उन्होंने सरकारी आदेशों की कथित अवहेलना, अवैध कब्जे और जान से मारने की धमकी देने के आरोपों की जांच कर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button