ललितपुर
संविधान दिवस पर एसपी ने पुलिसकर्मियों को दिलाई संविधान की प्रस्तावना की शपथ
पुलिस कार्यालय से लेकर सभी थानों और रिजर्व पुलिस लाइन में हुआ आयोजन

संवैधानिक मूल्यों के पालन का लिया संकल्प
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। संविधान दिवस पर गुरुवार को एसपी संजीव कुमार बाजपेई ने पुलिस कार्यालय में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन कराते हुए संविधान के प्रति निष्ठा और संवैधानिक मूल्यों के पालन की शपथ दिलाई। एसपी ने उपस्थित सभी अधिकारी एवं कर्मचारीगण के साथ भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया। इसमें भारत को सम्पूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने तथा सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता, प्रतिष्ठा एवं अवसर की समानता सुनिश्चित करने के संवैधानिक संकल्प को दोहराया गया। साथ ही व्यक्ति की गरिमा तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता सुनिश्चित करने वाली बंधुता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया। पुलिसकर्मियों ने संविधान में निहित आदर्शों एवं मूल्यों के अनुरूप अपने पदीय दायित्वों का पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ निर्वहन करने की प्रतिबद्धता भी जताई। इसी क्रम में जिले के समस्त थानों एवं रिजर्व पुलिस लाइन में भी संविधान दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए। संबंधित थाना प्रभारियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में पुलिसकर्मियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया और संवैधानिक मूल्यों के सम्मान तथा अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने की शपथ ली। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने भारतीय संविधान के मूल सिद्धांतों के अनुरूप कार्य करने तथा देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।



