
लखनऊ । लखनऊ में संविधान दिवस कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और आरएसएस पर तीखा हमला बोलते हुए 400 पार के नारे, अग्निवीर योजना और महंगाई को लेकर सरकार को घेरा। मार्च की अनुमति न मिलने पर नाराजगी के बीच खरगे ने गठबंधन की एकजुटता पर जोर दिया और कहा कि यूपी की जनता ने भाजपा के अश्वमेध के घोड़े को रोक लिया है।
राजधानी लखनऊ में गुरुवार को संविधान दिवस पर कांग्रेस ने कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें शामिल होने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी पहुंचे। इस मौके पर संविधान रक्षा मार्च भी निकाला जाना था। लेकिन, जिला प्रशासन ने इसकी अनुमति नहीं दी।
प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने मार्च के लिए अनुमति न मिलने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सभी कांग्रेसजन संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के संकल्प के साथ इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
इस मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भाजपा और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस के 145 साल के इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस कभी खत्म होने वाली पार्टी नहीं है। ‘मिलकर लड़ेंगे तो जीतेंगे ही।’
खरगे ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संविधान और बाबा साहेब के सम्मान के मुद्दे पर कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। खरगे ने भाजपा पर राम के नाम का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, ‘तुमने राम के नाम पर चोरी की, तुम्हें स्वर्ग का दरवाजा नहीं मिलेगा।’
गठबंधन के नेताओं को हद रहने की जरूरत-संविधान रक्षा मार्च में हिस्सा लेने आए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकाअर्जुन ने सपा-कांग्रेस गठबंधन पर अपने नेताओं को सीख दी। खरगे ने कहा कि जो दल हमारे गठबंधन में हैं उनके नेताओं के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग नहीं करना चाहिए। हमें मयार्दा में रहकर अपनी बात कहनी चाहिए।
यूपी में ही एक और पीएम पद का दावेदार-सीएम योगी का नाम लिया बिना खरगे ने उन्हें पीएम पद का दावेदार बताया। उन्होंने कहा कि यूपी की जनता ने ही मोदी की ताकतें सीमित की हैं। यहीं की वजह से वह पूर्ण बहुमत नहीं पा सके हैं। खरगे ने कहा भाजपा के अंदर पीएम पद का एक और उम्मीदवार बन गया है।
भाजपा के अश्वमेध का घोड़ा यूपीवासियों ने पकड़ लिया है
उन्होंने कहा कि मोदी ने ज्ञानेश कुमार के साथ मिलकर हमारे वोटों की चोरी की। प्रधानमंत्री पहले जहां जाते थे, वहां बोलते थे, अबकी बार 400 बार। अरे कहां गया आपका 400 पार। 400 पार कहकर अश्वमेध का जो घोड़ा आपने छोड़ा था, उसे उत्तर प्रदेश के वासियों ने पकड़ लिया है। आगे आपके लिए (पीएम के लिए) यही सलाह है कि गद्दी छोड़ देना। लखनऊ वालों ने आपको ऐसा सबक सिखाया कि 400 बार की बोलती बंद हो गई है।
खरगे ने पीएम पर निशाना साधते हुए आगे कहा आपने टीडीपी और नीतीश कुमार का जो पैर लगाए हैं, जैसे ही ये दोनों पैर निकलेंगे आप लंगड़ाकर चलेंगे। वाराणसी में अजय राय से परेशान हैं। अपनी ही नीतियों में फेल रहे। अभी हाल ही में खुद ही स्वीकार किया। मोदी खुद कह रहे हैं कि कंपनियां सिर्फ मुनाफा कमा रही हैं। न रोजगार दे रही हैं, न इन्वेस्ट कर ही हैं।
अग्निवीरों को 10 साल के एक्सटेंशन की मांग की-उन्होंने कहा कि भाजपा का डबल इंजन काम नहीं कर रहा है। अब कांग्रेस का इंजन काम करेगा। अग्निवीर योजना पर भी सरकार को घेरा। कहा कि चुनाव की वजह से अग्निवीरों को दो साल का एक्सटेंशन दिया है। अरे देना ही था तो 10 साल का देते। आपके लोग तो खूब कमा रहे हैं, लेकिन मजदूरों को आप कुछ नहीं दे रहे हैं।
खरगे ने कहा कि हर तरफ महंगाई इतनी बढ़ गई है लेकिन, भाजपा का खजाना बढ़ता ही जा रहा है। उन्होंने सवाल पूछा कि आपके खजाने पर 10 हजार करोड़ कहां से आएं। आपने ईडी, सीबीआई का उपयोग करके डाका डाला है। हेडगेवार ने कहा था कि आजादी की लड़ाई में मत कूदो, जेल गए तो आपके परिवार का क्या होगा?
आरएसएस से जन्में लोगों ने कभी तिरंगे का सम्मान नहीं किया-आरएसएस से जन्में लोग आपका भला नहीं करेंगे। आपने कभी तिरंगे को सम्मान नहीं दिया। आरएसएस के कार्यालय में कभी झंडा नहीं फहराया। ऐसे लोगों को तत्काल उखाड़ फेंकिए। एक बार योगी रो रहे थे। सुमित्रा महाजन ने पूछा क्यों रो रहे हैं, तब हमने कहा कि ये ऐसे लोग कि मुंह में राम बगल में छूरी हैं, इनके रोने पर मत ध्यान दीजिए।
खरगे ने कहा कि मोदी हम लोगों पर आरोप लगाते हैं, कि हम विदेशों में जाकर बोलते हैं। तंज कसा कि अरे अमेरिका में चुनाव में फिर एक बार ट्रंप का नारा कौन लगा रहा था? आप लोग देशद्रोही हैं, दूसरे देश में जाकर नेताओं का प्रचार करते हैं। जब तक हम लोग जीत हासिल नहीं कर लेते, शांति से अपना काम करते रहें। जिस भी पार्टी से हमारा गठबंधन है, वो रहेगा। किसी को भी अंहकार की बात नहीं करनी चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि हमें मिलकर काम करना होगा। क्योंकि बाहर के लोगों से हम लड़ सकते हैं, लेकिन अंदर के व्यक्ति से कैसे लड़ेंगे। बाहरवालों के बारे में हमें पता होता है। अंदर वालों के बारे में हमें पता नहीं होता है।



