संविधान दिवस पर नावाडीह प्रखंड कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित
सीओ ने कर्मियों को दिलाई संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। भारत के संविधान दिवस के अवसर पर बुधवार को नावाडीह प्रखंड कार्यालय के सभागार में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व अंचल अधिकारी (सीओ) अभिषेक कुमार ने किया। इस दौरान प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के कर्मियों ने भाग लेकर भारतीय संविधान के प्रति अपनी निष्ठा, सम्मान और कर्तव्यों के पालन का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान सीओ अभिषेक कुमार ने उपस्थित सभी कर्मियों को संविधान की प्रस्तावना एवं उसके मूल आदर्शों के प्रति निष्ठावान रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतंत्र की मजबूत आधारशिला है। संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का संदेश देता है। प्रत्येक नागरिक और सरकारी कर्मचारी का दायित्व है कि वह संविधान में निहित मूल्यों का सम्मान करे तथा अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करे।
उन्होंने कर्मियों से कहा कि सरकारी सेवक होने के नाते आम जनता के प्रति उनकी जिम्मेदारी और भी महत्वपूर्ण है। आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ उपलब्ध कराना तथा जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता से समाधान करना प्रशासनिक दायित्व का अहम हिस्सा है।
इस अवसर पर उपस्थित कर्मियों ने संविधान के आदर्शों को अपने कार्य व्यवहार में अपनाने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से सभी को संविधान के महत्व, अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
गुंजरडीह पंचायत सचिवालय में बोकारो जिला मुखिया संघ के अध्यक्ष व पंचायत के मुखिया जयलाल महतो तथा चपरी पंचायत सचिवालय में मुखिया आरती कुमारी के नेतृत्व में संविधान दिवस मनाया गया।




