अजनबी हो जाने की प्रक्रिया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
(एक दार्शनिक चिंतन)
किसी के बारे में सब कुछ जान लेना, कभी-कभी उसे फिर से अजनबी बना देता है। क्योंकि परिचय की भी एक सीमा होती है और रहस्य की भी अपनी एक गरिमा। जब तक हम किसी व्यक्ति को थोड़ा-थोड़ा जानते हैं, तब तक हमारे भीतर उसके लिए जिज्ञासा बची रहती है। उसके मौन में अर्थ तलाशते हैं, उसकी मुस्कान के पीछे छिपे खुशी व ग़म के भावों को पढ़ने का प्रयास करते हैं और उसके अनकहे शब्दों में अपनी कल्पनाओं के रंग भरते रहते हैं। लेकिन जब जानने की यह यात्रा अपनी अंतिम सीमा तक पहुँच जाती है, तब कल्पनाओं के सारे पर्दे हट जाते हैं और सामने खड़ा व्यक्ति अपनी संपूर्ण वास्तविकता के साथ दिखाई देने लगता है।शायद यहीं से परिचय का आकर्षण समाप्त होने लगता है।
दरअसल, किसी को जानना और किसी को समझना दो अलग-अलग अवस्थाएँ हैं। जानने का संबंध उसके व्यवहार, पसंद-नापसंद, कमजोरियों और जीवन की घटनाओं से है, जबकि समझने का संबंध उसके भीतर चल रहे उस अदृश्य संसार से है, जिसे वह स्वयं भी कई बार पूरी तरह नहीं जान पाता। हम किसी की जीवन-कथा के सारे अध्याय पढ़ सकते हैं, लेकिन उसके मन के किसी एक पन्ने का अर्थ समझने में पूरी उम्र लगा सकते हैं।
मनुष्य एक खुली किताब नहीं, बल्कि एक ऐसा ग्रंथ है जिसकी कुछ पंक्तियाँ समय पढ़ता है, कुछ परिस्थितियाँ और कुछ पीड़ा। उसके भीतर कई ऐसे कमरे होते हैं, जिनकी चाबियाँ स्वयं उसके पास भी नहीं होतीं।कमरे में टंगे एक चित्र की तरह होता है।
विडंबना यह है कि हम किसी को जानने की जिद में अक्सर उसे अपनी धारणाओं के बँधन में बाँधने लगते हैं। उसकी हर प्रतिक्रिया का अर्थ तय कर देते हैं, उसकी हर चुप्पी का कारण खोज लेते हैं और उसके प्रत्येक व्यवहार को किसी पुराने अनुभव से जोड़कर देखने लगते हैं। धीरे-धीरे व्यक्ति हमारे लिए एक जीवंत संभावना न रहकर एक परिचित निष्कर्ष बन जाता है। हम उसे देखना बंद कर देते हैं, क्योंकि हमें लगता है कि हम उसे पहले ही देख चुके हैं।
यहीं रिश्तों में एक की दूरी जन्म लेती है।
कभी-कभी किसी के बारे में बहुत कुछ जान लेना, उसके प्रति हमारे भीतर पल रहे भ्रमों को तोड़ देता है। हमें पता चलता है कि जिस व्यक्ति को हमने संवेदनाओं का समुद्र समझा था, वह भी कहीं-कहीं स्वार्थ की छोटी-सी नदी है। जिसे हम असीम धैर्य का प्रतीक मानते थे, उसके भीतर भी अधीरताओं का एक संसार है। जिसे हमने अपनी कल्पनाओं में आदर्श बना लिया था, वह भी हमारी ही तरह अपूर्ण, कमजोर और परिस्थितियों से संचालित एक साधारण मनुष्य है।
और तब हम उससे नहीं, बल्कि उसके उस स्वरूप से अपरिचित हो जाते हैं, जिसे हमने अपने मन में रचा था।
शायद हर रिश्ते में थोड़ा-सा अनजाना बचा रहना आवश्यक है। कुछ अनकहे शब्द, कुछ अनछुए भाव, कुछ अनसुलझे प्रश्न और कुछ ऐसी दूरियाँ, जो निकटता को बोझिल होने से बचाती हैं। क्योंकि रहस्य हमेशा अज्ञान का दूसरा नाम नहीं होता, कभी-कभी वह दूसरे व्यक्ति की स्वतंत्रता का सम्मान भी होता है।
प्रेम का अर्थ किसी को पूरी तरह जान लेने का अधिकार प्राप्त कर लेना नहीं है। प्रेम तो शायद उस अनजान हिस्से को भी स्वीकार करना है, जहाँ तक हमारी पहुँच नहीं है। किसी के भीतर बचे हुए मौन को जगह देना, उसकी निजता को समझना और यह स्वीकार करना कि वह हमारे परिचय से कहीं अधिक विस्तृत है।
आखिरकार, मनुष्य कोई ऐसी वस्तु नहीं, जिसे जानकर अपने ज्ञान की सूची में दर्ज कर लिया जाए। वह तो समय के साथ बदलती हुई एक सतत यात्रा है।किसी को पूरी तरह जान लेने का दावा करना भी एक प्रकार का भ्रम है।
शायद किसी रिश्ते की सबसे बड़ी खूबसूरती यह नहीं कि हम एक-दूसरे के बारे में सब कुछ जान लें, बल्कि यह है कि बहुत कुछ जानने के बाद भी एक-दूसरे को जानने की उत्सुकता बची रहे।
क्योंकि *जहाँ जिज्ञासा समाप्त होती है, वहाँ अक्सर संवाद भी औपचारिक होने लगता है।*और जहाँ किसी व्यक्ति के भीतर खोजने के लिए कुछ शेष नहीं रह जाता, वहाँ निकटता के बावजूद एक अजीब-सी अपरिचित दूरी जन्म लेने लगती है।
इसलिए कभी-कभी किसी को थोड़ा अनजाना रहने देना ही उससे जुड़े रहने का सबसे सुंदर तरीका है।
क्योंकि रिश्तों में परिचय की अधिकता भी उतनी ही घातक हो सकती है, जितनी अपरिचय की दूरी। और शायद इसी विरोधाभास में जीवन का एक गहरा दर्शन छिपा है—किसी को पाने के लिए उसे जानना जरूरी है, लेकिन उसे बनाए रखने के लिए उसके भीतर कुछ अनजाना बचाए रखना भी जरूरी है।



