सरस्वती बाल मंदिर में संविधान दिवस पर कार्यक्रम के आयोजन में प्रधानाचार्य सुनील कुमार शर्मा ने संविधान को समझाया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड । संविधान दिवस के अवसर पर मोदीनगर मार्ग स्थित सरस्वती बाल मंदिर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर सरस्वती बाल मंदिर के प्रधानाचार्य सुनील कुमार शर्मा ने छात्रों को संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता जैसे मूल आदर्शों के महत्त्व को बताते हुए कहा कि , 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में प्रतिवर्ष 26 नवंबर को ‘संविधान दिवस’ मनाया जाता है। उन्होंने संविधान की प्रस्तावना बताते हुए कहा कि संविधान सभा का चुनाव जुलाई 1946 में हुआ। इसकी पहली बैठक 9 दिसंबर 1946 को हुई थी। संविधान सभा में कुल 389 सदस्य थे। डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा को अस्थायी अध्यक्ष बनाया गया और बाद में डॉ. राजेंद्र प्रसाद को अध्यक्ष चुना गया। संविधान सभा एक निर्वाचित प्रतिनिधि सभा थी, जिसने जुलाई 1946 में चुनाव के बाद भारत का संविधान तैयार किया। संविधान को तैयार करने में 2 वर्ष, 11 महीने और 18 दिन का समय लगा, जिसे 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया, इस दिन को हम गणतंत्र दिवस के रूप में मनाते है।
विद्यालय में इस अवसर पर संविधान क्विज का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समस्त छात्र व शिक्षक उपस्थित रहे।



