सिंगरौली

राष्ट्रीय पटल पर चमकी सिंगरौली की मेधा, उपराष्ट्रपति के कर-कमलों से सम्मानित हुईं तमन्ना

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। सिंगरौली जिले के सरई अंचल की होनहार एवं प्रतिभाशाली बेटी तमन्ना सिंह भाटी ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराकर जिले को गौरवान्वित किया है। जबलपुर स्थित महर्षि विद्या मंदिर की कक्षा 12वीं की छात्रा तमन्ना ने प्रतिष्ठित ‘सांसद दिल्ली दर्शन’ कार्यक्रम में सहभागिता कर देश के उपराष्ट्रपति के कर-कमलों से सम्मानित होने का गौरव हासिल किया। सिंगरौली जिले के प्रतिष्ठित समाजसेवी प्रेम सिंह भाटी की सुपुत्री तमन्ना ने पूर्व में आयोजित निबंध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर इस विशेष शैक्षणिक यात्रा के लिए जबलपुर का प्रतिनिधित्व करने का अवसर हासिल किया था। सांसद आशीष दुबे के नेतृत्व में विद्यार्थियों के दल ने देश की नई संसद, राष्ट्रपति भवन एवं प्रधानमंत्री संग्रहालय का भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों को देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, संसदीय परंपराओं और गौरवशाली इतिहास को करीब से जानने एवं समझने का अवसर मिला। दिल्ली में आयोजित पांच विभिन्न बौद्धिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में जबलपुर के विद्यार्थियों के दल ने दो प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजय प्राप्त की। वहीं अनुशासन, व्यवहार एवं सामूहिक सहभागिता के आधार पर दल को सर्वश्रेष्ठ ‘डिसिप्लिन ग्रुप’ का खिताब भी प्रदान किया गया। तमन्ना की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से सरई सहित पूरे सिंगरौली जिले में हर्ष और गर्व का वातावरण है। उनकी सफलता को क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि माना जा रहा है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button