सिंगरौली

अंबेडकर चौक पर गूंजा संविधान का गौरव

बाबा साहब को नमन कर मनाया संविधान दिवस

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को अंबेडकर चौक में उत्साह और उल्लास के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने भारतीय संविधान के शिल्पकार भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
कार्यक्रम में भारतीय संविधान की पुस्तक हाथों में लेकर केक काटा गया और एक-दूसरे को संविधान दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। आयोजन के माध्यम से संविधान के प्रति सम्मान, सामाजिक समरसता और बाबा साहब के विचारों को आत्मसात करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में देवसर विधानसभा के विधायक प्रत्याशी रतीभान प्रसाद और बैगा समाज संघ मध्यप्रदेश के प्रदेश सचिव मुन्नीलाल बैगा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनके साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, वरिष्ठजनों और समाज के गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर रतीभान प्रसाद ने कहा कि भारतीय संविधान केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के अधिकारों, कर्तव्यों, सम्मान और समान अवसरों का आधार है। बाबा साहब डॉ. अंबेडकर ने संविधान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व सुनिश्चित करने की मजबूत नींव रखी।
कार्यक्रम में युवाओं और विद्यार्थियों को संविधान के प्रति जागरूक रहने, शिक्षा को प्राथमिकता देने तथा अपने संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों को समझने के लिए प्रेरित किया गया। अंत में उपस्थित लोगों ने बाबा साहब के विचारों को जीवन में अपनाने और संविधान की गरिमा, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा सामाजिक एकता बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर बाबा साहब के संदेश “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” को आत्मसात कर शिक्षित, समानतापूर्ण और न्यायपूर्ण समाज के निर्माण का आह्वान किया गया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button