गोड्डा
महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने हेतु एसबीआई महेशपुर शाखा द्वारा विशेष ऋण शिविर आयोजित

बसंतराय : प्रखंड क्षेत्र के संकुल भवन, सुस्ती में ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में भारतीय स्टेट बैंक शाखा महेशपुर के द्वारा विशेष ऋण शिविर लगाया गया। शिविर में जीविका से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के बीच कुल 60 लाख रुपये का ऋण वितरण किया गया। इस दौरान अलग-अलग 20 स्वयं सहायता समूह के ग्रुप को ऋण दिया गया। इस अवसर पर उपस्थित मुख्य अतिथि रूप में आलोक रंजन मुख्य प्रबंधक आरबीओ गोड्डा, सोमेश कुमार, जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम) जेएसएलपीएस, राजीव मिश्रा, प्रखंड परियोजना प्रबंधक (बीपीएम), बसंतराय, प्रमोद कुमार, शाखा प्रबंधक, भारतीय स्टेट बैंक, महेशपुर के साथ-साथ सुस्ती संकुल की पदाधिकारी दीदी एवं अनेक सखी मंडल की दीदी मौजूद थी। संयुक्त रूप से महिलाओं को ऋण वितरित किया। आलोक रंजन मुख्य प्रबंधक आरबीओ गोड्डा ने अपने संबोधन में कहा की ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना भारतीय स्टेट बैंक की पहली प्राथमिकता में से एक है। बैंक हमेशा ऐसी योजनाओं को प्रोत्साहित करता है जो गांव की आर्थिक दशा को सुधारने में योगदान दे रहे हैं। जीविका के स्वयं सहायता समूह महिलाओं को सिर्फ आर्थिक मदद नहीं, बल्कि आत्मबल और पहचान भी प्रदान करते हैं।
मौके पर प्रमोद कुमार शाखा प्रबंधक महेशपुर ने कहा की बैंक और जीविका का यह समन्वय ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने का कार्य कर रहे है। इससे महिलाओं को न केवल आर्थिक आत्मनिर्भरता मिलेगी बल्कि उनके परिवारों की आमदनी भी बढ़ेगी। मौके पर कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं। उन्हें यह ऋण विभिन्न आजीविका गतिविधियों जैसे डेयरी, कृषि कार्य, सिलाई-कढ़ाई, छोटे व्यापार एवं पशुपालन के लिए प्रदान किया गया है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों ने समूहों के साथ संवाद कर उनकी समस्याओं को भी सुना और समाधान का आश्वासन दिया।



