
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पोड़ैयाहाट। प्रखंड के बांसमुरी गांव में नव भारत जागृति केन्द्र एवं एसबीआई फाउंडेशन मुंबई के सहयोग से विशेष स्वास्थ्य शिविर (शिशु रोग) का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 87 लोगों ने पंजीकरण कराया, जिसमें से 77 मरीजों का इलाज किया गया। शिविर में मुख्य रूप से बच्चों में होने वाली विभिन्न बीमारियों जैसे सर्दी, बुखार, खून की कमी, खुजली, घाव इत्यादि का इलाज किया गया। साथ ही मौके पर रक्त जांच और वजन की जांच भी की गई और सभी मरीजों को निःशुल्क दवाइयां दी गई। शिविर में चाइल्ड स्पेशलिस्ट डॉ. संजय दास, लैब टेक्नीशियन नीरज साह, फार्मासिस्ट विक्रम कुमार, नर्स पूजा कुमारी, वाहन चालक किशोर कुमार भगत और प्रोग्राम मैनेजर राजकुमार घोष की उपस्थिति में शिविर को सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। इस अवसर पर प्राथमिक विद्यालय बांसमुरी की प्रधानाध्यापिका साधना कुमारी एवं सहायक शिक्षक प्रमोद कुमार भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविर से ग्रामीण क्षेत्रों के गरीब बच्चों को काफी लाभ मिलता है। ग्रामीणों ने नव भारत जागृति केन्द्र और एसबीआई फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया और मांग की कि इस तरह का शिविर हर महीने लगाया जाए ताकि बच्चों को समय पर इलाज मिल सके।



