गोड्डा

हृदय रोग से पीड़ित 6 बच्चों की हुई सफल सर्जरी

अक्टूबर में गोड्डा में लगेगा विशेष जांच शिविर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गोड्डा। 29 सितंबर को दुनिया भर में विश्व हृदय दिवस मनाया जा रहा है। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से हृदय रोगों से जूझ रहे बच्चों और परिवारों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। चिकित्सक के अनुसार, जिस तरह बड़ों में हृदय संबंधी विभिन्न बीमारियाँ देखने को मिलती हैं, उसी तरह बच्चों में भी दिल में छेद होना या धमनियों का उल्टा होना जैसी गंभीर समस्याएं पाई जाती हैं। इन बीमारियों के कारण बच्चों को सांस लेने में तकलीफ होती है, वे सही से दूध नहीं पी पाते, हाथ-पैरों में सूजन आने लगती है और उनका वजन भी सही तरीके से नहीं बढ़ता, जिससे बच्चे और उनके अभिभावक काफी परेशान रहते हैं। झारखंड और गोड्डा जैसे पिछड़े क्षेत्रों में ऐसी जटिल हृदय सर्जरी की सुविधा न होने के कारण सरकार द्वारा एक विशेष पहल की गई है। सरकार ने कोच्चि (केरल) स्थित अमृता अस्पताल के साथ एमओयू (MoU) किया है। इसके तहत हर एक से दो महीने में विशेष जांच शिविर (कैंप) आयोजित किए जा रहे हैं। इस योजना के तहत हाल ही में क्षेत्र के 6 बच्चों की कोच्चि के अमृता अस्पताल में सफल सर्जरी करवाई गई है। इन सभी बच्चों को लाने-ले जाने और इलाज का पूरा खर्च मुफ्त रहा। सर्जरी के बाद सभी बच्चे अब पूरी तरह से स्वस्थ हैं। डॉक्टर ने इस सफलता में डीआईसी (RBSK) कोऑर्डिनेटर प्रणव  के योगदान की भी सराहना की, जिन्होंने मरीजों के समन्वय और व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अक्टूबर में गोड्डा में लगेगा अगला जांच शिविर
इससे पहले इस तरह के स्वास्थ्य शिविर रांची, देवघर और गिरिडीह में आयोजित किए जा चुके हैं। डॉक्टर ने जानकारी दी कि हृदय रोग की जांच के लिए अगला शिविर 25 से 30 अक्टूबर के बीच गोड्डा में आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में बच्चों का इको (ECHO) टेस्ट बिल्कुल मुफ्त किया जाएगा। जांच के दौरान जिन बच्चों को सर्जरी की आवश्यकता होगी, उन्हें मुफ्त इलाज और सर्जरी के लिए कोच्चि भेजा जाएगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button