सहारनपुर
जानखेड़ा में सफाई व्यवस्था बेहाल, ग्रामीण परेशान
ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
सहारनपुर, गंगोह। गांव जानखेड़ा में सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने के कारण बारिश और नालियों का गंदा पानी सड़कों के बीचोंबीच जमा है। जिससे स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
गांव निवासी चौधरी तरसपाल, बबलू, रवि कुमार, संजय, यशराज, टीटू, राकेश, पवन, बिल्लू, शादीलाल, पिंदर आदि ग्रामीणों का कहना है कि गांव की आबादी करीब 6500 है और दो सफाई कर्मचारियों की तैनाती है। फिर भी सफाई नहीं होने से नालिया गंदगी से अठी पड़ी है और गंदा पानी सड़कों के बीचो-बीच जमा है। गांव की मुख्य सड़क में पानी जमा होने से स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को आने जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव में संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका भी बनी हुई है। ग्रामीणों ने हाथ ऊपर उठाकर प्रदर्शन किया और सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
महिला की अस्थियां एकत्रित करने गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा
गांव निवासी मनोज कुमार की माता सुरेशो देवी का दो दिन पूर्व स्वर्गवास हो गया था और सोमवार सुबह ग्रामीण उनकी अस्थियां एकत्रित करने शमशान घाट गए तो सड़कों में जमा गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है।
खंड विकास अधिकारी ने क्या कहा
उधर, खंड विकास अधिकारी अमित नारंग का कहना है कि सफाई व्यवस्था की शिकायत मिली है। जानखेड़ा के ग्राम सचिव को निलंबित कर दिया गया था। दूसरे ग्राम सचिव की नियुक्ति कर जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा।




