मेरठ में महिला आयोग की सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला का सख्त संदेश
महिला उत्पीड़न पर तुरंत हो कार्रवाई

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेरठ। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला ने मंगलवार को मेरठ में महिला जनसुनवाई के दौरान पीड़ित महिलाओं की शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। घरेलू हिंसा, पति द्वारा मारपीट और पुलिस कार्रवाई न होने जैसी शिकायतें जनसुनवाई में प्रमुखता से सामने आईं।
‘महिलाओं की शिकायतों को प्राथमिकता से सुनें अधिकारी’
सर्किट हाउस में हुई जनसुनवाई में डॉ. मीनाक्षी भराला ने कहा कि महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों में पुलिस तत्काल संज्ञान लेकर प्रभावी कार्रवाई करे। उन्होंने महिलाओं से भी अपील की कि वे बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएं सामने रखें।
उन्होंने कहा कि सरकार की महिला कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं तक पहुंचाना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। अधिक से अधिक महिलाओं को लाभार्थी योजनाओं से जोड़कर उनकी आर्थिक सुरक्षा और सशक्तिकरण सुनिश्चित किया जाए।
स्कूल और आंगनबाड़ी का भी किया निरीक्षण
डॉ. मीनाक्षी भराला ने रेसना स्थित आंगनबाड़ी केंद्र और प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। आंगनबाड़ी केंद्र पर गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। विद्यालय में उन्होंने बच्चों से पढ़ाई से जुड़े सवाल पूछे और उनकी बनाई राखियों व कविताओं की सराहना की।
इसके बाद कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय पूर्वाअहिरान में साफ-सफाई, पेयजल और शौचालय समेत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर उन्होंने संतोष जताया।
वृद्धाश्रम में बुजुर्गों से जानी समस्याएं
परतापुर खेड़ा बलरामपुर स्थित ‘दादा-दादी निवास’ वृद्धाश्रम में डॉ. मीनाक्षी भराला ने बुजुर्गों से सीधे संवाद किया। उन्होंने उनके खान-पान, रहन-सहन और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेते हुए समस्याओं के बारे में भी पूछा।
महिला सुरक्षा और सम्मान को लेकर डॉ. मीनाक्षी भराला के इस दौरे में जनसुनवाई के साथ-साथ जमीनी स्तर पर सरकारी व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया।




