कैराना
पुलिस टीम से मारपीट करने वाले दो खनन माफिया गिरफ्तार, भेजे जेल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम से मारपीट कर जबरन डंपर छुड़ाने के मामले में कैराना पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोप है कि खनन अधिकारी की टीम द्वारा रॉयल्टी न मिलने पर डंपर को कब्जे में लेने के बाद आरोपितों ने पुलिसकर्मी को रास्ते में घेर लिया और उसके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार और डंपर को भी सीज कर दिया है।
विदित रहे कि गत 22 अगस्त की रात खनन अधिकारी सुधाकर अपने हमराह आरक्षी अजीत सिंह और निजी वाहन चालक भूपेंद्र सिंह के साथ कांधला रोड पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान रेत से भरे दो डंपर जांच के लिए रोके गए। दोनों के पास रेत परिवहन संबंधी रॉयल्टी उपलब्ध नहीं थी। खनन अधिकारी ने एक डंपर UP19AT4583 को यमुना ब्रिज चौकी पर सीज करा दिया। दूसरा डंपर HR58E3369 आरक्षी अजीत सिंह चौकी की ओर लेकर जा रहे थे।आरोप है कि कैराना बाईपास तिराहे पर सफेद रंग की कार और स्विफ्ट कार ने डंपर को रोक लिया। आरोपितों ने वाहनों से उतरकर आरक्षी अजीत सिंह को घेर लिया। उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद आरोपित डंपर को जबरन अपने साथ ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आरक्षी की तहरीर पर पुलिस ने अमजद, खुर्शीद, आरिस, फरमान, समरयाब, अरशद, राशिद, दिलशाद समेत अन्य आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शामली एनपी सिंह ने कैराना पुलिस को आरोपितों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। मंगलवार को पुलिस टीम ने दबिश देकर अमजद पुत्र खुर्शीद और खुर्शीद पुत्र यूसुफ निवासी ग्राम गंदराऊ, कैराना को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपितों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस ने घटना में शामिल डंपर HR58E3369 और सफेद रंग की किया कार HR12AN6609 को एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया है। पुलिस अन्य आरोपितों की भूमिका की भी जांच कर रही है।



