मुरादाबाद
नामी शराब कारोबारी हरभजन सिंह चड्ढा के परिवार पर धोखाधड़ी का मामला, पूर्व साझेदार ने दर्ज कराई FIR

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मुरादाबाद। नामी शराब कारोबारी रहे हरभजन सिंह चड्ढा के परिवार के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। सिविल लाइंस थाने में दर्ज एफआईआर में हरभजन सिंह की पत्नी, बेटे, पोते और बहू पर आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि प्रॉपर्टी से जुड़े एक मामले में फर्जी तरीके से कब्जा और हेराफेरी की गई है।
हरभजन सिंह चड्ढा के परिवार पर धोखाधड़ी का केस दर्ज
एफआईआर गाड़ीखाना कटघर निवासी गोपाल मिश्रा की ओर से कराई गई है, जो पहले हरभजन सिंह चड्ढा के प्रॉपर्टी बिजनेस में पार्टनर रहे हैं। वर्तमान में गोपाल मिश्रा बुध बाजार स्थित कृष्णा कॉलोनी, महाराजा होटल के पीछे रहते हैं। गोपाल मिश्रा ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि प्रॉपर्टी के कारोबार में उनके साथ साझेदारी के बावजूद चड्ढा परिवार ने उन्हें धोखे में रखकर सम्पत्ति और निवेश से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां छिपाईं और उनका आर्थिक शोषण किया।
एफआईआर में जिन लोगों को नामजद किया गया है, उनमें हरवीर सिंह चड्ढा पुत्र गुरजीत सिंह चड्ढा, गुरजीत सिंह चड्ढा पुत्र स्व. हरभजन सिंह चड्ढा, जसप्रीत कौर पत्नी स्व. हरभजन चड्ढा और तमन्ना चड्ढा पत्नी हरवीर सिंह चड्ढा शामिल हैं। इनके अलावा कुछ अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में दोनों पक्षों के दस्तावेजों और साक्ष्यों की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई जायेगी।



