अमरोहा

एक बहन ने दान दी थी भूमि, दूसरी के स्वजन करा रहे अवैध निर्माण…

33 वर्ष से वीरान पुलिस चौकी की पर कब्जा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हसनपुर : एक महिला द्वारा दान की गई पुलिस चौकी की जमीन पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। 1990 के दशक में अपराध बढ़ने पर भगवती नामक महिला ने जमीन दान की थी लेकिन 33 साल बाद भी चौकी नहीं बनी। अब आरोप है कि उसकी बहन के परिजन उस जमीन पर अवैध निर्माण कर रहे हैं जिसे पुलिस ने रुकवा दिया है।
महिला ने पुलिस चौकी के लिए दान दी थी जमीन
33 साल से भूमि पर नहीं हुआ निर्माण
भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप
हसनपुर कस्बे के मुहल्ला काला शहीद में वर्ष 1990 के दशक में लगातार कई हत्याएं तथा डकैती की वारदात होने पर एक महिला ने पुलिस चौकी की स्थापना के लिए अपनी भूमि दान दी थी। जिसका रजिस्टर्ड दान पत्र मौजूद है। लेकिन, पुलिस विभाग की उदासीनता के चलते 33 वर्ष से इस भूमि पर पुलिस चौकी का निर्माण नहीं कराया जा सका। यह भूमि अब बीच आबादी में होने की वजह से काफी कीमती है मगर, अब इस पर अवैध कब्जा होने लगा है।
भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष अतुल गर्ग ने बताया कि वर्ष 1990 के दशक में मुहल्ला काला शहीद में प्रभु सिंह लोधी, तेजराम भगत जी तथा शकील नाई की एक के बाद एक हत्या हुई थी। डकैती की घटनाएं भी हुई थीं। तत्कालीन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद ने कस्बे के संभ्रांत लोगों को प्रेरित करके इस मुहल्ले में चौकी की स्थापना कराने का प्रस्ताव रखा था।
एक बहन ने भूमि दी थी दान, दूसरी बहन के स्वजन करा रहे अवैध निर्माण
चौकी के लिए भूमि देने को कंचन सिंह की पत्नी भगवती आगे आ गई थी। उन्होंने 81.5 वर्ग गज भूमि 23 मार्च 1992 को रजिस्टर्ड दान पत्र लिखकर दी थी। यह भूमि उसी समय से खाली पड़ी हुई है। लेकिन, पिछले कई दिन से इस भूमि में निर्माण कार्य चल रहा है। चौखट और खिड़की भी लगा दी गई है।
आरोप है कि चौकी की भूमि में यह निर्माण कोई और नहीं बल्कि, दान पत्र लिखने वाली भगवती की बहन चंद्रवती के स्वजन कर रहे हैं। उधर कुछ लोगों ने अवैध निर्माण करने की शिकायत कोतवाली पुलिस से की है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य को रुकवा दिया है।
हालांकि, चंद्रवती की पौत्री आशा देवी का कहना है कि पुलिस चौकी के लिए दान दी हुई भूमि में आस पड़ोस के लोग अतिक्रमण करने के साथ ही गंदगी कर रहे थे। इसलिए, भूमि को सुरक्षित रखने के लिए निर्माण कराया जा रहा है। पुलिस इस भूमि में कोई भी निर्माण करें, हमें कोई शिकायत नहीं है। कब्जा करने की नीयत से निर्माण नहीं कराया जा रहा है
कस्बे के मुहल्ला काला शहीद में पुलिस चौकी के नाम भूमि का दान पत्र लिखा हुआ है। उक्त भूमि में चौखट लगाकर अवैध निर्माण कराया जा रहा था। जिसे रुकवा दिया गया है। जल्द ही यहां पुलिस और जनता की सुविधा के लिए चौकी की स्थापना कराई जाएगी। – दिनेश कुमार शर्मा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हसनपुर।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button