गोड्डा
बलबड्डा को प्रखंड बनाने की मांग को लेकर लोगों ने की बैठक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा (मेहरमा): बलबड्डा को स्वतंत्र प्रखंड का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर प्रखंड क्षेत्र के डोडा पंचायत भवन में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि यदि बलबड्डा को प्रखंड का दर्जा मिल जाता है तो स्थानीय लोगों को प्रशासनिक कार्यों के लिए मेहरमा नहीं जाना पड़ेगा। जिससे समय और संसाधन दोनों की बचत होगी। बैठक में उपस्थित लोगों ने बताया कि वर्तमान में छोटी-छोटी सरकारी प्रक्रियाओं के लिए भी लोगों को मेहरमा प्रखंड मुख्यालय तक जाना पड़ता है, जो कि ग्रामीणों के लिए काफी असुविधाजनक है। बलबड्डा को प्रखंड बनाने से आसपास के गांवों को भी लाभ होगा और विकास की रफ्तार बढ़ेगी। इस मौके पर ढोढ़ा पंचायत के मुखिया पति छगुरी राय, पंचायत सहायक सोनी कुमारी, चंदन भगत, वार्ड पार्षद मेघनाद, शिव नारायण शाह, ललित मंडल, अवध भारती, अशोक शर्मा और रंजन कुमार समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने बलबड्डा को प्रखंड बनाने की मांग को लेकर प्रशासन से जल्द निर्णय लेने की अपील की।



