नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेरठ । रक्षा बंधन पर्व के दृष्टिगत मिलावटखोरी की आशंका को देखते हुए आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ एवं जिलाधिकारी मेरठ के निर्देशानुसार जनपद में मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जनपद में पांच विशेष जांच टीमों का गठन किया गया है।
इन टीमों ने मंगलवार को जिले के विभिन्न स्थानों पर खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते हुए कुल 10 खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्रित किए। केसरगंज स्थित नरेश चंद्र महावीर प्रसाद से बेसन व जीरा, बुढ़ाना गेट स्थित हुकुम स्वीट्स से पेठा, मोहन स्वीट्स से बेसन के लड्डू, मोहिउद्दीनपुर की अंबा स्वीट्स से घेवर, भूडबराल की राधेश्याम स्वीट्स से गोला बर्फी, सिवाल रोड स्थित देव स्वीट्स से घेवर, मनोज स्वीट्स से मठरी, मवाना की अजय स्वीट्स से घेवर एवं कपिल स्वीट्स से गुलाब जामुन के नमूने लिए गए।
सभी नमूनों को परीक्षण हेतु राज्य प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात दोषी पाए जाने पर संबंधित खाद्य व्यापारियों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्यवाही की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगामी त्योहारों के दौरान भी लगातार जारी रहेगा, जिससे आम जनता को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।


