बेतुल
बैतूल सातकुंड में स्कूल भवन और स्वास्थ्य केंद्र भवन के पुनर्निर्माण के लिए कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
छत और दीवारें गिरने से खतरे में बच्चों की जान, ग्राम पंचायत सातकुंड ने की पुनर्निर्माण की अपील

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। जनपद पंचायत आठनेर अंतर्गत ग्राम पंचायत सातकुंड के ग्रामीणों ने स्कूल भवन और स्वास्थ्य केंद्र के पुनर्निर्माण को लेकर भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष और विधायक प्रतिनिधि शिवदयाल आजाद के नेतृत्व में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि गांव की शासकीय प्राथमिक शाला भवन, माध्यमिक विद्यालय भवन और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की हालत बेहद जर्जर हो चुकी है।ग्रामवासियों के अनुसार, विद्यालय भवन इतना पुराना हो गया है कि उसकी छत से प्लास्टर झड़कर गिर रहा है और दीवारें भी दरारों से भर चुकी हैं। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिसके चलते बच्चों को कक्षाओं में बैठना मुश्किल हो जाता है। कई बार विद्यालय में पढ़ाई बीच में रोकनी पड़ती है क्योंकि भवन कभी भी ढह सकता है।ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र की स्थिति भी कम खराब नहीं है। जर्जर भवन के कारण मरीजों और ग्रामीणों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। इससे गांव की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। ग्रामीणों ने कलेक्टर से निवेदन किया है कि तत्काल प्रभाव से शासकीय प्राथमिक व माध्यमिक विद्यालय भवन और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि बच्चों की शिक्षा और गांव की स्वास्थ्य सेवाएं सुरक्षित व सुचारू रूप से चल सकें।इस मौके पर सुखदेव कुमरे पूर्व सरपंच, चंदू धुर्वे ,सोमदास धुर्वे, बिसेन इवने, पंडित धुर्वे,हरपाल गोहे, राजीराम कोकोडिया, सचिन धाकड़ ,सुनील गोहे, देवराम इवने रामकिशन गोहे सुनील इवने देवीदास मर्सकोले अरुण गोहे धनसिंह मरकाम जोहान धुर्वे केशवराव बरकडे नरेश धुर्वे, शंकर धुर्वे शेरसिंह उईके,सुनील अड़माची,संतोष भलावी,धनराज धुर्वे सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे।


