अमरोहा
AIMIM प्रदेश अध्यक्ष को जान से मारने की धमकी
अमरोहा में SP से मिले कार्यकर्ता, सुरक्षा की मांग की

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक (SP) अमित कुमार आनंद से मुलाकात की। उन्होंने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली को जान से मारने की धमकी मिलने के मामले में ज्ञापन सौंपा और दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।ज्ञापन में बताया गया है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने सोशल मीडिया पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली को गोली मारने और उनकी जीभ काटने की धमकी दी है। इन धमकियों के वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित किए गए हैं। कुछ लोगों ने इनाम की घोषणा भी की है।
मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए
पार्टी ने चंदन राजभर, प्रदीप राव, राकेश राजभर, लक्ष्मण राजभर और पीयूष मिश्रा पर धमकी देने का आरोप लगाया है। AIMIM का आरोप है कि इनमें से कुछ आरोपी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के कार्यकर्ता हैं। वे अपनी पार्टी के नेता ओमप्रकाश राजभर के उकसावे में आकर ऐसी हरकतें कर रहे हैं।
AIMIM ने एसपी से मांग की है कि इन आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में तत्काल मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए। प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली को सुरक्षा प्रदान की जाए। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।



