गाजियाबाद
मंडोला बिहार व ट्रोनिका सिटी योजना के प्रभावित किसानों की समस्याओं को लेकर
भाकियू टिकैत की 3 नवम्बर को पैदल यात्रा। उपजिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन।

यात्रा से पूर्व परिषद कार्यालय की होगी संपूर्ण तालाबंदी, हजारों किसान होंगे शामिल
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को लेकर बड़ा ऐलान किया है। यूनियन के प्रदेश संगठन मंत्री प्रवीण मालिक के नेतृत्व में गुरुवार को भाकियू प्रतिनिधिमंडल ने उप जिलाधिकारी (एसडीएम) लोनी को एक पत्र सौंपा, जिसमें आगामी 3 नवंबर को निकाली जाने वाली किसान पैदल यात्रा की जानकारी दी गई।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि मंडोला विहार व ट्रॉनिका सिटी योजना से प्रभावित किसानों के साथ-साथ क्षेत्र के अन्य ग्रामीणों की लंबित समस्याओं के समाधान के लिए यह पैदल यात्रा आयोजित की जा रही है। यात्रा की शुरुआत मंडोला विहार योजना के क्षेत्रीय कार्यालय में चल रहे किसानों के धरना स्थल से होगी और जिला अधिकारी कार्यालय, गाजियाबाद तक जाएगी।
भाकियू नेताओं ने बताया कि यात्रा का पहला पड़ाव लोनी तहसील में होगा। उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया है कि यात्रा के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु उचित प्रबंध किए जाएं। यूनियन ने साफ किया है कि यात्रा शुरू होने से पहले परिषद कार्यालय की पूरी तरह से तालाबंदी की जाएगी, जिसके बाद हजारों की संख्या में किसान, महिलाएं और पुरुष पैदल मार्च करते हुए जिला मुख्यालय की ओर प्रस्थान करेंगे।
भाकियू नेताओं ने कहा कि किसानों की जमीनों का उचित मुआवजा, ट्रॉनिका सिटी योजना से प्रभावित परिवारों का पुनर्वास, तथा क्षेत्र के विकास से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर लंबे समय से जिला प्रशासन को ज्ञापन दिए जा रहे हैं, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ऐसे में किसानों को अब सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
इस मौके पर भाकियू (टिकैत) के प्रदेश संगठन मंत्री प्रवीण मालिक, बिल्लू प्रधान, नीरज त्यागी, मास्टर महेंद्र सिंह त्यागी, बॉबी त्यागी, दीपेश मालिक व अरुण मालिक सहित अनेक पदाधिकारी और किसान मौजूद रहे।
किसान नेताओं ने कहा कि यह यात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण होगी, लेकिन यदि उनकी मांगों को अनसुना किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।



