सिंगरौली
चितरंगी में खुलेगा सिविल न्यायालय, प्रक्रिया तेज़
पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री राधा सिंह के प्रयास लाए रंग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
सिंगरौली : चितरंगी में लंबे समय से लंबित व्यवहार न्यायालय (सिविल न्यायालय) खोलने की प्रक्रिया अब तेज़ हो गई है। प्रदेश सरकार में पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह के निरंतर प्रयासों का परिणाम है कि जल्द ही चितरंगी के लोगों को न्याय के लिए दूर देवसर नहीं जाना पड़ेगा।
वर्तमान में चितरंगी क्षेत्र के लोगों को अपने न्यायालयीन प्रकरणों के निपटारे के लिए कई किलोमीटर का सफर तय कर देवसर न्यायालय पहुंचना पड़ता है। इससे क्षेत्रवासियों को समय, धन और संसाधनों की भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
नए सिविल न्यायालय की स्थापना की प्रक्रिया आगे बढ़ने की खबर मिलते ही चितरंगी के लोगों में खुशी की लहर है। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि यह फैसला क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक और बेहद राहत देने वाला साबित होगा।
क्षेत्रवासियों ने मंत्री राधा सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि न्यायालय खुलने से न केवल आमजन को सुविधा मिलेगी, बल्कि स्थानीय प्रशासनिक और न्यायिक कार्यों में भी तेजी आएगी।




