
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। आईफोन समेत व गिफ्ट के लालच में फंसे एक व्यक्ति से साइबर ठगों ने करीब एक लाख की ठगी कर ली। इस मामले में थाना इज्जतनगर में मुकदमा दर्ज कराया है। व्यक्ति को साइबर ठगों ने पहले लालच दिया फिर रकम वसूल ली। ऑनलाइन ऑफर देकर ठगों ने मोटी रकम वसूली है। इस मामले में पुलिस को सूचना दी गई।
मामले में मिली जानकारी के अनुसार नगरिया परीक्षित निवासी महेश कुमार शर्मा ने कहा है कि छह दिसंबर की शाम एक व्यक्ति ने फोन करके कहा कि वह रोहिणी, दिल्ली स्थित जेजे कम्युनिकेशन से मनीष जैन बोल रहा है। उन्होंने ऑनलाइन एक ऑफर जीता है, जिसमें आईफोन, गोल्डन घड़ी, हेडफोन और जेजे बैग शामिल है। फिर उसने रजिस्ट्रेशन शुल्क के नाम पर 1520 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद ठग ने 74138 रुपये का बिल व्हाट्सएप पर भेजा और इंश्योरेंस फीस के नाम पर 6446 रुपये जमा कराए। यह रकम गलत ट्रांसफर होने की बात कहकर दो बार 6400-6400 रुपये और ट्रांसफर करा लिए।
बताया जा रहा है कि इसके बाद मनी टू मनी स्वैपिंग के जरिये रकम वापस भेजने का झांसा देकर 58000 रुपये के तीन अन्य ट्रांसफर कराए। इस तरह ठग ने उनसे 98766 रुपये ट्रांसफर करा लिए और फिर 98 हजार की डिमांड करने लगा। इसके बाद उन्हें अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत की और थाना इज्जतनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर शिकायत दर्ज कर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में जांच शुरू कर दी है। जल्द मामले में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



