ललितपुर
शहजाद नदी पर सेतु निर्माण तक पुलिस चौकी स्थापित कराने की मांग
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मण्डल पंजी. ने एसपी को सौंपा ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। शहजाद नदी पर बनाये जा रहे सेतु और लोगों की सुरक्षा के मद्देनजर शहजाद नदी के पार पुलिस चौकी स्थापित किए जाने की मांग को लेकर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मण्डल पंजी. ने एक ज्ञापन पुलिस अधीक्षक मो.मुश्ताक को सौंपा है। ज्ञापन में बताया कि नगर क्षेत्र के मध्य से प्रवाहित शहजाद नदी पर नवीन पुल निर्माण प्रस्तावित होने के कारण मवेशी बाजार को शहर से जोडऩे वाला पुराना पुल ध्वस्त कर दिया गया है, जिससे मुख्य मार्ग पर आवागमन पूर्ण रूप से बंद हो चुका है। वर्तमान में केवल पैदल एवं दोपहिया वाहनों हेतु वैकल्पिक मार्ग बनाए गए हैं, जिन पर घंटों जाम की स्थिति बनी रहती है। जबकि नगर की लगभग 33 प्रतिशत आबादी नदी के दूसरी तरफ निवास करती है। पुल ध्वस्त होने के कारण क्षेत्रीय नागरिकों में असुरक्षा की भावना व्याप्त है। उक्त क्षेत्र वर्तमान में सदर चौकी के अंतर्गत आता है, जबकि सदर चौकी का कार्यक्षेत्र पहले से ही अत्यधिक विस्तृत है। नगर के प्रमुख एवं व्यस्त व्यवसायिक क्षेत्र सराफा बाजार, नजाई बाजार, साड़ी लाइन सहित लगभग 8 बैंक एवं 12 एटीएम सदर चौकी के अंतर्गत आते हैं, जिससे प्रभावी पुलिसिंग प्रभावित हो रही है। पूर्व में नदीपार पुलिस चौकी की मांग इस आधार पर लंबित रही कि थाना से दूरी कम है, किंतु वर्तमान में पुल टूटने के कारण हाईवे होकर नदीपार जाने की दूरी पर्याप्त हो गई है, जिससे त्वरित पुलिस सहायता में बाधा उत्पन्न हो रही है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से नदी पार पुलिस चौकी स्थापित किये जाने की मांग की है। ज्ञापन देते समय जिलाध्यक्ष सुमित अग्रवाल, आरिफ पठान, मोहित जैन, करीम राइन, फूलचंद रॉय, असलम, इस्लाम साकी, दीपक जैन, धनुषराम यादव, धीरज कुशवाहा, अमित गोयल, शिवम सिंह, इब्राहिम, जितेंद्र यादव, विजय कुशवाहा, केशव साहू, सुरेश ताम्रकार आदि मौजूद रहे।