मथुरा
जन्मभूमि पर भीड़ के दबाव में श्रद्धालु हुआ बेहोश, नहीं पहुंची एंबुलेंस

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो l
मथुरा। शहर में श्रीकृष्ण जन्मभूमि, द्वारिकाधीश, रंगेश्वर महादेव मंदिर सहित अन्य मंदिरों पर सुबह से ही दर्शनार्थियों की कतारें लगी रहीं। जन्मभूमि के गेट नंबर एक सामने भीड़ के दबाव में पत्नी और बच्ची के साथ नोएडा के एक पर्यटक की हालत बिगड़ गई। वह बेहोश हो गए। आसपास के लोगों ने सीपीआर दी। एंबुलेंस आधा घंटे तक नहीं पहुंची तो परिजन श्रद्धालु को अपने साथ ले गए। घटनाक्रम का है। नोएडा का परिवार गेट नंबर एक पर भीड़ में अपनी बारी के इंतजार में था। तभी एक व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने लगी। वह बेहोश होकर जमीन पर लेट गए। यह देखकर उनकी पत्नी और बच्ची बुरी तरह घबरा गए। आसपास के श्रद्धालुओं ने तत्परता दिखाई। किसी ने एंबुलेंस को कॉल किया तो किसी ने सीपीआर देने का प्रयास किया। इसी बीच आधा घंटे से ज्यादा का समय गुजर गया मगर एंबुलेंस नहीं पहुंचीं। श्रद्धालु की हालत में कुछ सुधार होने पर परिवारीजन उन्हें अपने साथ गाड़ी में ले गए। श्रद्धालुओं ने बताया कि 108 के अलावा सीएमओ के सीयूजी नंबर पर कॉल किया गया मगर एंबुलेंस इसके बाद भी समय से नहीं पहुंच सकी। जन्मभूमि पर इतनी भीड़ होने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग ने एंबुलेंस की व्यवस्था तक नहीं की थी। यही हाल द्वारिकाधीश मंदिर पर भी रहा। श्रद्धालुओं की कतारें सड़कों पर लगी रहीं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर राधावल्लभ ने बताया कि उनके पास कोई कॉल नहीं आया। 108 पर आई कॉल पर दोपहर एक बजे एंबुलेंस पहुंची थी, लेकिन तब तक दर्शनार्थी को परिजन अपने साथ ले जा चुके थे।



