गोड्डा
भोजुचक से बिशनपुर-बर्दभड़ा तक 5 किमी सड़क मरम्मत में अनियमितता, ग्रामीणों का फूटा आक्रोश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा। प्रखंड अंतर्गत भोजुचक से बिशनपुर एवं बर्दभड़ा गांव को जोड़ने वाली लगभग 5 किलोमीटर लंबी सड़क के रिपेयरिंग कार्य में भारी अनियमितता को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है। करोड़ों रुपये की लागत से यह कार्य ग्रामीण विकास कार्य विभाग द्वारा मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क सुदृढ़ीकरण योजना के तहत कराया जा रहा है, लेकिन निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क मरम्मत के नाम पर सिर्फ औपचारिकता निभाई जा रही है। घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है और विभागीय मानकों की खुलेआम अनदेखी हो रही है। कई स्थानों पर बिना मजबूत बेस तैयार किए ही गिट्टी और डामर बिछा दिया गया है, जिससे सड़क की मजबूती और टिकाऊपन पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीण मुस्तकीम, सत्तार, मनिरुद्दीन, हफीज, सुभाष पासवान और डब्लू यादव ने बताया कि सड़क की सफाई भी ढंग से नहीं की जा रही है। यदि इसी तरह कार्य चलता रहा तो यह सड़क कुछ ही महीनों में फिर जर्जर हो जाएगी।अनियमितता से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और हाथ उठाकर विरोध जताया। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों और ठेकेदार पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए सरकारी राशि की बंदरबांट का भी दावा किया है। इस मामले में ग्रामीण विकास कार्य विभाग के अधिकारियों की चुप्पी भी कई सवाल खड़े कर रही है। ग्रामीणों ने ग्रामीण विकास मंत्री सह महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में सड़क मजबूत और सुरक्षित बनी रहे।



