खैरथल
विभागों की आपसी लापरवाही का खामियाजा भुगत रहे नागरिक
विद्युत व जलदाय विभाग में समन्वय की कमी से चार दिन बाधित रही जलापूर्ति

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
खैरथल। सरकारी विभागों के बीच आपसी समन्वय के अभाव का खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है। ऐसा ही एक ताजा मामला शहर की पुरानी अनाज मंडी क्षेत्र में सामने आया, जहां विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते पूरे वार्ड की जलापूर्ति बाधित हो गई। जानकारी के अनुसार विद्युत विभाग द्वारा सड़क पर लगे एक टूटे विद्युत पोल को हटाकर उसी स्थान से कुछ दूरी पर नया पोल गाड़ दिया गया। लेकिन पोल गाड़ते समय उसके नीचे से गुजर रही जलदाय विभाग की पाइपलाइन को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया। परिणामस्वरूप पाइपलाइन टूट गई और क्षेत्र में पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई।
पानी की समस्या से जूझ रहे मोहल्लेवासियों ने जलदाय विभाग में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन विभाग की ओर से उन्हें हर बार वही रटा-रटाया जवाब मिला— “दिखवाते हैं।” शिकायत के चार दिन बाद जाकर जलदाय विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को दुरुस्त किया, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि विद्युत व जलदाय विभाग आपसी तालमेल से कार्य करते तो यह स्थिति पैदा ही नहीं होती। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि विभागीय कार्यों में समन्वय सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में आमजन को इस तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े।


