
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। कस्बे के बिजलीघर से भडी गांव के खेतों की ओर जाने वाली 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का एक तार पिछले चार दिनों से टूटकर खेतों के रास्ते में पड़ा है। इससे क्षेत्र के करीब पचास ट्यूबवेल बंद पड़े हैं, जिससे किसानों की सिंचाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। जमीन पर पड़ा जिंदा तार किसी बड़े हादसे को भी दावत दे रहा है, लेकिन शिकायतों के बावजूद अब तक विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची।
टूटा हुआ तार किसान सतीश के खेतों के पास रास्ते में गिरा पड़ा है, जहां से रोजाना किसान, मजदूर और पशु गुजरते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि दिन में तो लोग संभलकर निकल जाते हैं, लेकिन रात के समय बड़ा खतरा बना हुआ है। खेतों में गेहूं और गन्ने की फसल को सिंचाई की जरूरत है, मगर ट्यूबवेल बंद होने से किसान बेहद परेशान हैं।
किसान सतीश, अफजाल, इनूश, मैहताब, सत्तू और मुकेश सहित अन्य किसानों ने बताया कि उन्होंने कई बार लाइनमैन मदन सिंह को फोन किया। बिजलीघर पर भी शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन हर बार यही जवाब मिलता रहा कि थोड़ी देर में आ रहे हैं। किसानों का आरोप है कि चार दिन बीत जाने के बाद भी कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।
ग्रामीणों ने विभाग के अधिकारियों से तत्काल लाइन दुरुस्त कराने और जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
जई आज़म अकबर का कहना है उन्हें मामले की जानकारी नहीं थी। अब सूचना मिली है और आज ही टीम भेजकर तार सही करा दिया जाएगा, ताकि किसानों को परेशानी न हो।


