
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। कस्बे के बाइपास पर बिलाल मस्जिद के सामने पिछले एक महीने से पानी की टंकी की पाइप लाइन में लिंकेज होने के कारण सड़क पर पानी भरा हुआ है। लगातार पानी जमा रहने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। कई बार बाइक सवार फिसलकर गिर भी चुके हैं, जिससे लोगों में रोष है।
चौसाना बिलाल मस्जिद के सामने बाइपास मार्ग क्षेत्र का प्रमुख रास्ता है, यहां से दिनभर दोपहिया और चारपहिया वाहन गुजरते हैं। पाइप लाइन से रिस रहा पानी सड़क पर फैलकर कीचड़ में बदल गया है। पानी निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण हालात और बिगड़ गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक महीने से समस्या बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदारों ने ध्यान नहीं दिया।
ग्रामीण अफजाल मंसूरी, इनायत, राजेश मिस्त्री, सुलेमान, गुड्डू, इनाम और हाजी महफूज का कहना है कि कई बार ग्राम पंचायत सचिव को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक लिंकेज ठीक नहीं कराया गया। उनका कहना है कि रात के समय सड़क पर भरे पानी का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे हादसे का खतरा और बढ़ जाता है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करेंगे। उनका कहना है कि मामूली सी खराबी के कारण लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।
ग्राम पंचायत सचिव राहुल कुमार ने बताया कि उन्हें इस लिंकेज की जानकारी नहीं थी। अब मामला संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि कल ही मजदूर लगवाकर पानी की टंकी की पाइप लाइन की मरम्मत कराई जाएगी, ताकि सड़क पर जलभराव की समस्या समाप्त हो सके।


