बरेली

जल्द खुलेंगे रामायण वाटिका और रुद्रावनम के द्वार, सीएम योगी कर सकते हैं लोकार्पण

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ फरवरी के अंत में बीडीए (बरेली विकास प्राधिकरण) की दो महत्वाकांक्षी परियोजनाओं रामायण वाटिका और रुद्रावनम का लोकार्पण कर सकते हैं। उनके संभावित दौरे को लेकर शहर में हलचल तेज हो गई है। बीडीए सहित प्रशासनिक अमला इसकी तैयारियों में जुट गया है। इससे पहले दिसंबर 2025 में भी मुख्यमंत्री के दौरे और इन परियोजनाओं के लोकार्पण की चर्चा थी, लेकिन व्यस्तता के कारण मुख्यमंत्री एक निजी कार्यक्रम में शामिल होकर लौट गए थे।
बीडीए के अनुसार, आठ करोड़ रुपये की लागत से तैयार रामायण वाटिका उत्तर भारत की पहली ऐसी परियोजना है, जहां रामायण काल को जीवंत करने का प्रयास किया गया है। यह केवल एक मनोरंजन पार्क नहीं, बल्कि धार्मिक और सांस्कृतिक चेतना का केंद्र भी है। भगवान राम के वनगमन से जुड़े प्रसंगों को चौपाइयों और कलाकृतियों के जरिये दर्शाया गया है।
वाटिका में लगी श्रीराम की 51 फुट ऊंची प्रतिमा
पर्यावरण को बढ़ावा देने के लिए जापानी मियावाकी तकनीक से सघन वन क्षेत्र विकसित किया गया है। एक विशेष पैदल पथ तैयार किया गया है, जिसके दोनों ओर उन औषधीय पौधों को लगाया गया है, जिनका वर्णन रामायण में मिलता है। रामगंगानगर स्थित रामायण वाटिका में भगवान श्रीराम की 51 फुट ऊंची प्रतिमा लगी है, जो आकर्षण का केंद्र है।
रामायण वाटिका के साथ ही रुद्रावनम पार्क भी बनकर तैयार है। बीडीए ने यहां अत्याधुनिक लैंडस्केपिंग, आकर्षक वाटर बॉडीज और विशाल हरित क्षेत्र विकसित किया है। औपचारिक लोकार्पण के बाद शहरवासियों के लिए प्रकृति के करीब रहने का यह नया ठिकाना बनेगा। विभाग के स्तर से तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। शासन से हरी झंडी मिलते ही कार्यक्रम की तिथि घोषित कर दी जाएगी। मुख्यमंत्री के इस संभावित दौरे में कई अन्य विकास परियोजनाओं की भी सौगात मिल सकती है। फिलहाल, प्रशासनिक अमला अलर्ट मोड पर है और शहर को सजाने-संवारने का काम जारी है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button