नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी (गाजियाबाद)। ट्रॉनिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में 40 वर्षीय मजदूर की जान चली गई। सेक्टर सी-4 स्थित एक फैक्ट्री के गोदाम में चने की बोरियों का भारी ढेर अचानक मजदूर के ऊपर गिर पड़ा। बोरियों के नीचे दबकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया। साथी मजदूरों ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी निवासी जय शंकर रॉय (40) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, जय शंकर पिछले करीब 15 महीने से ट्रॉनिका सिटी के सेक्टर सी-4 स्थित प्लॉट नंबर ए-2 की फैक्ट्री में मजदूरी कर रहा था। परिवार का भरण-पोषण करने के लिए वह यहां रहकर काम करता था।
बताया गया है कि शुक्रवार को जय शंकर फैक्ट्री के गोदाम में अपने काम में जुटा हुआ था। इसी दौरान चने की बोरियों का ऊंचाई तक लगाया गया ढेर अचानक असंतुलित होकर उसके ऊपर आ गिरा। भारी बोरियों के नीचे दबने से वह बुरी तरह फंस गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास काम कर रहे मजदूर मौके पर पहुंचे और बोरियां हटाकर उसे बाहर निकालने में जुट गए।
काफी प्रयास के बाद कर्मचारियों ने जय शंकर को बाहर निकाला और आनन-फानन में दिल्ली स्थित गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मजदूर की मौत की खबर मिलते ही फैक्ट्री में शोक और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, पुलिस जांच में जुटी
हादसे की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतक के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।
पुलिस के अनुसार, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और फैक्ट्री में श्रमिकों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस हादसे ने औद्योगिक इकाइयों में मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।