गोरखपुर

चाय की दुकान पर दोस्तों के साथ बैठे युवकों पर जानलेवा हमला

लोहे की रॉड से पीटकर किया था लहूलुहान

पीपीगंज पुलिस ने मुख्य आरोपी संजीव उर्फ संजू को किया गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल लोहे की रॉड बरामद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

गोरखपुर : पीपीगंज थाना क्षेत्र में चाय की दुकान पर दोस्तों के साथ बैठकर चाय पी रहे युवकों पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान संजीव उर्फ संजू पुत्र जितेंद्र साहनी निवासी जंगल कौड़िया टोला भवनबारी, थाना पीपीगंज, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। वह वर्तमान में मानीराम, थाना चिलुआताल क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल लोहे की रॉड भी बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, घटना 9 नवंबर 2026 की रात करीब 12:30 बजे की है। वादी अपने दोस्तों के साथ एक चाय की दुकान पर बैठकर चाय पी रहा था। इसी दौरान आरोपी संजीव उर्फ संजू अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि सभी ने मिलकर वादी और उसके दोस्तों पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। हमलावरों ने वाहन के लेगगार्ड और लोहे की रॉड से मारपीट की, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पीपीगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 422/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 115(2), 352, 351(3) और 109(1) में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी।

पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी कैंपियरगंज के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष पीपीगंज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी संजीव उर्फ संजू को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से वारदात में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अभांश मिश्रा, कांस्टेबल विजय गौड़ और कांस्टेबल प्रशांत कुमार ठाकुर शामिल रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button