
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। थाना तालबेहट पुलिस ने त्वरित व प्रभावी कार्रवाई करते हुए गिरे/खोए हुए दो मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए। अनुमानित रूप से 30,829 रुपये मूल्य के इन मोबाइल फोन वापस मिलने पर पीडि़तों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई। यह कार्रवाई एसपी मो. मुश्ताक के निर्देशन में, एएसपी कालू सिंह तथा सीओ तालबेहट आशीष मिश्रा के पर्यवेक्षण में की गई। थाना तालबेहट पर जनसुनवाई एवं पोर्टल के माध्यम से प्राप्त प्रार्थना पत्रों के आधार पर नियमानुसार गुमशुदगी दर्ज की गई थी। पुलिस टीम ने पीडि़तों द्वारा उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों का गहन अवलोकन किया और भारत सरकार द्वारा संचालित सीईआईआर पोर्टल पर आवेदन अपलोड कर तकनीकी डेटा का विश्लेषण किया। विभिन्न एजेंसियों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर दोनों मोबाइल फोन सफलतापूर्वक बरामद किए गए। मोबाइल फोन वापस मिलने पर पीडि़तों ने पुलिस अधीक्षक एवं थाना तालबेहट पुलिस टीम की भूरि-भूरि प्रशंसा की। फोन बरामद करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोज मिश्रा, उप निरीक्षक विकास कुमार, स.उप निरीक्षक नागेश साहू आदि शामिल रहे।



