ललितपुर
अत्यधिक बारिश से फसल नुकसान पर बीमित किसानों को मिलेगी तत्काल राहत
1.02 लाख से अधिक किसानों को मिलेगा फसल बीमा का लाभ

राजस्व-कृषि विभाग व बीमा कंपनी की संयुक्त टीम करेगी सर्वे
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। पिछले दिनों हुई अत्यधिक भारी वर्षा से फसलों को हुए नुकसान को देखते हुए जिला प्रशासन ने प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने की प्रक्रिया तेज कर दी है। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने किसान हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए फसल नुकसान का त्वरित और पारदर्शी आकलन कराने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में राजस्व विभाग, कृषि विभाग और फसल बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों की संयुक्त टीमें गठित कर दी गई हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि संयुक्त टीमें खेतों में पहुंचकर वर्षा से हुई फसल क्षति का वास्तविक आकलन करेंगी। सर्वे की प्रक्रिया में जनपद के सभी बीमित किसानों को शामिल किया गया है। इनमें 99,051 ऋणी कृषक तथा 3,162 गैर- ऋणी कृषक, यानी कुल 1,02,213 बीमित किसान शामिल हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अत्यधिक वर्षा से प्रभावित बीमित ऋणी एवं गैर-ऋणी किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रावधानों के तहत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए मध्यावस्था प्रतिकूलता के तहत विशेष प्रस्ताव तैयार कर उत्तर प्रदेश की निदेशक, कृषि सांख्यिकी एवं फसल बीमा को पहले ही भेजा जा चुका है। प्रशासन की ओर से बताया गया कि प्रस्ताव के माध्यम से प्रभावित किसानों को योजना के निर्धारित प्रावधानों के अनुसार फसल क्षति की क्षतिपूर्ति दिलाने की प्रक्रिया को गति दी जा रही है। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने संयुक्त सर्वे टीमों और बीमा कंपनी के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि फसल नुकसान के आकलन की कार्रवाई युद्धस्तर पर और बिना किसी अनावश्यक देरी के पूरी की जाए। उन्होंने सर्वे में पूरी पारदर्शिता बरतने तथा वास्तविक क्षति का सही आकलन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि पात्र किसानों को समय से बीमा योजना का लाभ मिल सके। जिलाधिकारी ने कहा कि भारी वर्षा से उत्पन्न संकट की इस घड़ी में जिला प्रशासन पूरी तरह किसानों के साथ खड़ा है। प्रभावित बीमित किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रावधानों के अनुसार जल्द से जल्द क्षतिपूर्ति दिलाने के लिए प्रशासन द्वारा हर संभव कदम उठाया जा रहा है। जिला प्रशासन की इस पहल से भारी बारिश के कारण फसल नुकसान झेल रहे 1,02,213 बीमित किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।



