ललितपुर
यादव जी की लव स्टोरी फिल्म पर रोक लगाने की मांग
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा ने प्रदेश सरकार को पत्र लिखकर फिल्म यादव जी की लव स्टोरी पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। महासभा का आरोप है कि इस फिल्म में लड़की को यादव समाज (हिंदू धर्म) से और लड़के को मुस्लिम धर्म से दर्शाया गया है, जिससे यादव समाज के लोगों में नाराजगी है। महासभा के जिलाध्यक्ष आधार सिंह यादव ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि उत्तर प्रदेश में उच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार जाति आधारित सम्मेलनों, रैलियों पर रोक है। इसके बावजूद कुछ लोग जाति और धर्म आधारित फिल्में बनाकर प्रदेश के शांत वातावरण को बिगाडऩे का प्रयास कर रहे हैं। महासभा ने आह्वान किया है कि ऐसी किसी भी फिल्म को बनाया या चित्रित करने की अनुमति न दी जाए, जिससे किसी भी जाति या धर्म विशेष की भावनाएं आहत होती हों। महासभा ने फिल्म पर कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। इस पत्र पर महासभा के कई पदाधिकारियों के हस्ताक्षर हैं, जिनमें जिलाध्यक्ष आधार सिंह यादव, महेंद्र भान सिंह, विजय सिंह यादव आदि शामिल हैं।